लखनऊ। सरोजनीनगर में सोमवार सुबह सड़क हादसे में उन्नाव के सोहरामऊ क्षेत्र के सहरावां गांव निवासी ई-ऑटो चालक अमृतलाल (35) की मौत हो गई।
अतिरिक्त थाना प्रभारी अजय पाल के मुताबिक, अमृतलाल सुबह करीब 9:15 बजे नादरगंज की ओर से ई-ऑटो लेकर 32वीं बटालियन पीएसी तिराहे के पास सड़क पार कर रहे थे। इसके बाद वह विपरीत दिशा में कानपुर रोड पर आरटीओ कार्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चुंगी की तरफ से आ रही बाइक से ऑटो की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमृतलाल उछलकर सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से चला गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।