फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: ड्रेनेज सिस्टम बना नहीं, बसा दी कॉलोनियां

Fri, 09 Aug 2024 03:59 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। शहर क्षेत्र में अवैध तरीके से बसाई जा रही कॉलोनियां जलभराव की मुख्य वजह बन रही हैं। प्रापर्टी डीलर प्लाटिंग कर लोगों को बसाने का काम कर रहे हैं, लेकिन इन स्थानों पर ड्रेनेज सिस्टम (पानी निकासी के इंतजाम) का कार्य नहीं करा रहे हैं। यह सब रायबरेली विकास प्राधिकरण (आरडीए) के अफसरों की मिलीभगत के चलते हो रहा है। इस लापरवाही से नगर क्षेत्र की ढाई लाख आबादी जलभराव से जूझ रही है।
विज्ञापन


इसकी मुख्य वजह पानी निकासी के इंतजाम का न होना है। शहर क्षेत्र में प्रापर्टी डीलर जमीनों की प्लाटिंग करके महंगे दाम में बिक्री कर रहे हैं, लेकिन ड्रेनेज सिस्टम नहीं बना रहे हैं। यदि कोई प्रापर्टी डीलर ड्रेनेज सिस्टम बना भी रहा है तो वह नगर पालिका के मुख्य नालों से उसे नहीं जोड़ रहा है। शहर में मुंशीगंज, शक्ति नगर, बालापुर, राजघाट, पुलिस लाइंस, मटिहा रोड, राजघाट, भुएमऊ, मलिकमऊ समेत करीब 10 अवैध कॉलोनियां मनमाने तरीके से प्लाटिंग कर बसाई जा रही हैं।

सई नदी तक बारिश का पानी पहुंचे तो बने बात
शहर क्षेत्र में बड़े छोटे मिलाकर कुल 99 नाले हैं। यह नाले सई नदी से जोड़े गए हैं। अवैध कॉलोनियों में पानी निकासी के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। कहा जा रहा है कि अवैध कॉलोनियों में नाला बनाकर उन्हें सई नदी से जोड़ा जाए तो जलभराव से राहत मिल जाएगी।
विज्ञापन


बिना सुविधा दिए बेच रहे प्लॉट
आम आदमी खुशियों की खातिर पैसा खर्च करके शहर क्षेत्र में जमीन खरीद रहा है। बावजूद उसे सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। सबसे ज्यादा समस्या लोगों को जलभराव को लेकर झेलनी पड़ रही है। हकीकत ये है कि शहर में किसी क्षेत्र में 25 लाख तो किसी क्षेत्र में 15 लाख रुपये में एक बिस्वा जमीन की बिक्री प्रापर्टी डीलर कर रहे हैं। ऐसा होने के बावजूद सुविधाएं न मिलना सवाल उठाती है।

ड्रेनेज सिस्टम अनिवार्य
नई रोड और बस्ती के लिए अब ड्रेनेज सिस्टम को अनिवार्य कर दिया गया है। इसके लिए संबंधित विभागों को निर्देश भी दिए जा चुके है। पुराने नालों की सफाई को लेकर नगर पालिका को निर्देश दिए गए हैं। ताकि नालों की सफाई का कार्य कम समय में बेहतर तरीके से हो सके।
- प्रफुल्ल त्रिपाठी, एडीएम, प्रशासन


ड्रेनेज की सुविधा हो तो बने बात
शहर में जलभराव की समस्या दूर कराने के लिए नालों की सफाई करा दी गई है। जहां पर भी जलभराव की समस्या होती है, वहां पर टीम भेजकर पानी निकासी कराई जाती है। यदि नई बसाई जा रही कॉलोनियों में ड्रेनेज सिस्टम की सुविधा हो तो जलभराव से लोगों को राहत मिल सकती है।
- स्वर्ण सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद, रायबरेली


आधुनिक मशीन से होगी सफाई
नगर पालिका क्षेत्र के नालों की सफाई पहली बार बेहतर तरीके से कराई गई है, ताकि शहरवासियों को जलभराव की समस्या से परेशान न होना पड़ा। सीवर लाइन जाम होने की वजह से जलभराव की समस्या आती है। सुपर सकर मशीन से सीवर लाइन की सफाई कराने का निर्णय लिया गया है।
विज्ञापन

- शत्रोह्न सोनकर, पालिकाध्यक्ष
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें