सीमैप की वैज्ञानिक डॉ. आकांक्षा सिंह
लखनऊ। केंद्रीय औषधीय एवं सगंध पौधा संस्थान (सीमैप) की वैज्ञानिक डॉ. आकांक्षा सिंह का चयन प्रतिष्ठित राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी-यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड-2026 के लिए हुआ है। उन्हें यह सम्मान चार और पांच दिसंबर को बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी (नासी) के 96वें वार्षिक अधिवेशन में दिया जाएगा। डॉ. आकांक्षा सिंह इस वर्ष आईएनवाईएएस की सदस्य, आईएनएसए यंग साइंटिस्ट और आईएनएसए यंग एसोसिएट के रूप में भी सम्मानित हो चुकी हैं। सीमैप के निदेशक डॉ. प्रबोध कुमार त्रिवेदी ने डॉ. आकांक्षा को बधाई देते हुए कहा कि वर्ष 2026 में लगातार तीन राष्ट्रीय उपलब्धियां हासिल कर उन्होंने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। यह सम्मान डॉ. आकांक्षा के उत्कृष्ट शोध, समर्पण और वैज्ञानिक योगदान का प्रमाण है।