लखनऊ। महिला पायलट ने आईआरएस अधिकारी पति समेत ससुराल के चार लोगों के खिलाफ बुधवार को हजरतगंज स्थित महिला थाने में दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया है। इसमें आरोप लगाया कि दहेज में डेढ़ करोड़ रुपये की मांग को लेकर उन्हें ससुराल में प्रताड़ित किया गया।
आशियाना इलाके में रहने वाली महिला पायलट के मुताबिक 17 सितंबर 2020 में उनका निकाह आशियाना के ही सेक्टर के निवासी आईआरएस अधिकारी मिनहाजुद्दीन से हुआ था। बताया कि वह इस समय गुजरात में डिप्टी कस्टम कमिश्नर पद पर तैनात हैं। महिला का आरोप है कि निकाह के चार दिन पहले ससुर ने उनके पिता से दहेज में दो करोड़ रुपये की मांग की थी। पिता के असमर्थता जताने पर ससुर ने 50 लाख रुपये निकाह के पहले व शेष डेढ़ करोड़ रुपये बाद में देने को कहा था। पिता ने दहेज के अलावा 50 लाख रुपये भी दिए थे।
निकाह के कुछ दिन बाद वह पति के साथ गुजरात के गांधी धाम चली गईं। महिला पायलट ने अपनी तैनाती भी कोलकाता से अहमदाबाद करा ली थी। आरोप है कि मिनहाजुद्दीन आए दिन उनकी पिटाई करता था। सास नाजिमा से शिकायत करने पर उन्होंने देवर अयाज को कारोबार कराने के लिए फिर डेढ़ करोड़ रुपये की मांग की। इतना ही नहीं उनके जेवर भी छीन लिए। रकम नहीं देने पर सास ने हत्या कर मिनहाजुद्दीन का निकाह दूसरी जगह कराने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाने में आरोपी पति मिनहाजुद्दीन निजामी, सास नाजिमा वहाज, ससुर वहाजुद्दीन व देवर अयाजउद्दीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।