लखनऊ। डबलडेकर बस (यूपी 32 एक्सएन 6968) का पंजीकरण गुरुवार शाम ट्रांसपोर्टनगर स्थित आरटीओ कार्यालय में हुआ। यहां बस की सेफ्टी को भी जांचा गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से डबलडेकर बस का शुभारंभ करवाने के लिए समय मांगा गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि नवरात्र में ही बस का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
डबलडेकर बस मुंबई से करीब महीनेभर पहले ही लखनऊ पहुंच चुकी थी, जिसे गुरुवार को गोमतीनगर के विराजखंड से आरटीओ कार्यालय ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि बस की चार्जिंग को लेकर जो दिक्कतें थीं, उसे दूर कर लिया गया है। चार्जर की व्यवस्था हो गई है। चार्जिंग स्टैंड बनाया जा रहा है। ऐसे में राजधानी में एक बार फिर से सड़कों पर डबलडेकर सिटी बस दौड़ती दिखेगी।
यह बस नगरीय परिवहन निदेशालय की ओर से संचालित की जाएगी, जिसे अशोक लीलेंड कंपनी के स्विच मोबिलिटी की ओर से सीआरएस फंड से यह बस नगरीय परिवहन निदेशालय को दी है। इतना ही नहीं बस का किराया भी अन्य इलेक्ट्रिक बसों की तरह होगा। जल्द ही किराए की सूची जारी की जाएगी।