लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल के डॉक्टरों ने दुर्लभ बीमारी स्पाइनल कॉर्ड की समस्या से पीड़ित ढाई साल के बच्चे की सर्जरी करके उसे नई जिंदगी दी है। स्पाइनल कॉर्ड में समस्या होने पर बच्चा ठीक ढंग से खड़ा नहीं हो पाता था। डॉक्टरों का कहना है बच्चे को जल्द डिस्चार्ज किया जाएगा।
काकोरी मोड़ निवासी नसीम का बेटा ऐश (ढाई साल) जन्मजात टेदर्ड कॉर्ड सिंड्रोम से पीड़ित था। अस्पताल की ओपीडी में न्यूरो सर्जन डॉ. विनोद तिवारी को दिखाया। डॉ. विनोद ने एमआरआई जांच कराई तो स्पाइनल कॉर्ड खिसकी मिली।
इस पर उन्होंने बच्चे के ऑपरेशन का फैसला लिया। करीब साढे चार घंटे की सर्जरी बाद स्पाइनल कॉर्ड को ठीक किया। अस्पताल निदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण ने बताया परिजनों ने बच्चे को निजी अस्पताल में दिखाया था। यहां दो लाख रुपये का खर्च बताया था। डॉ. विनोद, डॉ. एएस चंदेल, डॉ. मिर्जा, डॉ. सुमित, सिस्टर निर्मला मिश्रा, उर्मिला सिंह व सीमा शुक्ला, ओटी में गिरीश राजू, ऋषि का सहयोग रहा।