लखनऊ। लोहिया संस्थान में कतार में लगी गर्भवती के प्रसव के मामले में मंगलवार को रेजिडेंट डॉक्टर को निलंबित कर दिया गया है। कंसलटेंट व दूसरे रेजिडेंट डॉक्टरों चेतावनी दी गई है। इंदिरानगर सेक्टर-ए निवासी गर्भवती कल्पना दीक्षित को सोमवार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन लोहिया संस्थान इमरजेंसी में पहुंचे। आरोप है कि यहां दर्द से कराह रही गर्भवती महिला का तत्काल इलाज शुरू नहीं किया गया। उसे कोरोना की जांच के लिए लाइन में लगवा दिया। इस दौरान प्रसव हो गया। आननफानन जच्चा-बच्चा को वार्ड में भर्ती किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए लोहिया संस्थान प्रशासन ने जांच के आदेश दिए थे। मामले की जांच चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सरिता सक्सेना कर रही हैं। मंगलवार को मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही का मामला सामने आया है। संस्थान प्रशासन ने माना कि लापरवाही हुई है। इसके तहत एक रेजिडेंट डॉक्टर को निलंबित कर दिया गया है। कंसलटेंट व अन्य तीन रेजिडेंट डॉक्टरों को चेतावनी देकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।