लालगंज (रायबरेली)। सीएचसी के चिकित्साधिकारी डॉ. राजकिशोर तिवारी को इमरजेंसी ड्यूटी के दौरान बच्चे को दिखाने आए लोगों ने स्टूल फेंककर मार दिया। इससे उन्हें चोटें आईं। चिकित्सक ने कोतवाली में तहरीर दी है। चिकित्सक ने बताया कि शुक्रवार रात 12 बजे एक बच्चे को दिखाने युवक आया था। उनके साथ दो महिलाएं भी थीं। आते ही वह स्टाफ से उलझ गए और गाली-गलौज करने लगे। डॉक्टर ने जब मना किया तो गुस्साए व्यक्ति ने स्टूल फेंक कर उन्हें मार दिया। स्टूल चिकित्सक के चेहरे पर लगा। पुलिस बुलाने की बात कही तो तीनों भाग निकले। चिकित्सक ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, शिकायत करने पर जान से मार डालने की धमकी देने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं दूसरे पक्ष से जीवन दीप सिनेमा के निकट रहने वाली तानिया सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह रात में बच्चे का इलाज कराने अस्पताल गई थी। मौजूद डॉक्टर ने उससे व परिजनों से अभद्रता की और ईंट पत्थर लेकर दौड़ा लिया। प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)