लखनऊ। शहर के दिव्यांश श्रीवास्तव ने अलीगढ़ में आयोजित यूपी स्टेट
रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में पुरुष एकल वर्ग का खिताब जीता।
उन्होंने फाइनल में गाजियाबाद के सार्थ मिश्रा को एकतरफा मुकाबले में
11-6, 11-8, 11-9 से हराते हुए यह सफलता प्राप्त की। दूसरी वरीय दिव्यांश
ने शीर्ष वरीय सार्थ के खिलाफ पहले सेट में हावी हो गए और 11-6 से जीत
दर्ज की। इसके बाद दिव्यांश ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और दमदार खेल का
प्रदर्शन करते हुए अगले दो सेट 11-8, 11-9 से जीतते हुए खिताब अपने नाम
किया। प्रतियोगिता में कैडेट बालक वर्ग का फाइनल लखनऊ के लक्ष्य कुमार ने
जीता। उन्होंने लखनऊ के ही शौर्य गोयल को 11-4, 11-7, 11-8 से हराते हुए
खिताबी जीत दर्ज की। यह मुकाबला भी एकतरफा रहा, जिसमें शीर्ष वरीय लक्ष्य
कुमार ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए आसान जीत के साथ खिताब पर
कब्जा जमाया।