यूपी बोर्ड : हिंदी में भी अपलोड होगा छात्रों का ब्योरा
लखनऊ। इस बार यूपी बोर्ड के छात्रों का पंजीकरण और बोर्ड परीक्षा के आवेदन में उनका ऑनलाइन ब्योरा हिंदी भाषा में भी अपलोड किया जाएगा। बोर्ड ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिया है। अभी बोर्ड परीक्षा के लिए कक्षा 10 और 12 के छात्रों के आवेदन भरे जा रहे हैं और कक्षा नौ व 11 के छात्रों का अग्रिम पंजीकरण कराया जा रहा है। छात्रों और उनके अभिभावकों के नाम अंग्रेजी के अलावा हिंदी भाषा में भी अपलोड किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में इसकी व्यवस्था की गई है। यह व्यवस्था बोर्ड ने पहली बार की है। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी स्कूलों को निर्देश जारी कर दिए हैं। वहीं बोर्ड फॉर्म के लिए आवेदन करने वाले छात्रों का ब्यौरा परिषद की वेबसाइट पर अपडेट कर दिया गया है। इसमें हिंदी नामों में यदि कोई त्रुटि हो तो स्कूल प्रशासन उसका ऑनलाइन सुधार कर सकता है, लेकिन अंग्रेजी में अंकित नाम व जन्म तिथि के विवरण में किसी भी प्रकार का संशोधन नहीं कर पाएंगे।