लखनऊ। दंत संकाय के पुराने भवन को गिराने के बाद 10 मंजिला नया भवन बनाया जाएगा। इसके बाद इस संकाय के सभी विभागों को एक ही भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा। अभी तक दंत संकाय के पांच विभाग पुरानी बिल्डिंग में चल रहे हैं और अन्य विभाग नए भवन में। पुराने भवन को गिराने का आदेश हुआ है। ऐसे में इस भवन के गिरने से पीछे पड़ी खाली जमीन को भी अधिग्रहीत कर लिया जाएगा। जिस स्थान पर पुरानी बिल्डिंग है वह खाली हो जाएगा और उसके पीछे की तरफ क्वीन मैरी अस्पताल के पास से लेकर मुख्य सड़क तक दंत संकाय का परिसर बन जाएगा। नया 10 मंजिला भवन पूरी तरह से वातानुकूलित होगा। केजीएमयू के अधिकारियों का कहना है कि नए भवन में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, प्रेक्षागृह, छात्रों की पढ़ाई के लिए कक्षाएं व लाइब्रेरी होगी। ताकि बीडीएस व एमडीएस के छात्रों को लाइब्रेरी के लिए एक से दूसरे भवन न जाना पड़े।