फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फैजुल्लागंज में डेंगू का मरीज मिला, कई अन्य बुखार की जद में, स्वास्थ्य विभाग को भनक तक नहीं, निजी लैब से कराई जांच में पुष्टि

विज्ञापन
शहर में बढ़ रहा है डेंगू का प्रकोप। (फोटो ः प्रतीकात्मक) - फोटो : ??? ?????
विज्ञापन
संक्रामक बीमारियों के लिहाज से अति संवेदनशील इलाके फैजुल्लागंज में डेंगू का मरीज मिला है। निजी लैब में हुई जांच के दौरान बच्चे में इसकी पुष्टि हुई है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी तक नहीं है।
विज्ञापन

श्याम विहार कॉलोनी में रहने वाले नौ साल के अक्षर को तीन-चार दिनों से बुखार आ रहा था। शरीर पर लाल चक्कते पड़ने पर परिवारीजनों ने उसे नजदीकी डॉक्टर को दिखाया।
उन्होंने डेंगू की आशंका जाहिर करते हुए निजी लैब से जांच कराई। इसकी रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई है। बुखार से पीड़ित अक्षर के छोटे भाई विवान का भी डेंगू टेस्ट कराया गया है।
विज्ञापन

इलाके में रहने वालों के मुताबिक कई घरों में बुखार से पीड़ित हैं। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अभी तक इलाके का निरीक्षण तक नहीं किया है।
सामाजिक कार्यकर्ता ममता त्रिपाठी ने बताया कि इलाके में जलभराव से मच्छरों की भरमार है। वहीं, एंटीलार्वा व फॉगिंग भी नहीं हो रही है। उधर, डिप्टी सीएमओ डॉ. संदीप सिंह का कहना है कि निजी लैब से अभी तक डेंगू की कोई रिपोर्ट नहीं भेजी गई है।
मंकीपॉक्स जैसे लक्षण वाले छात्र का नमूना केजीएमयू भेजा
फैजुल्लागंज के संस्कृतनगरम में नर्सरी के छात्र में मंकीपॉक्स जैसे लक्षण मिलने के बाद सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर पहुंचकर उसकी सेहत का हाल लिया। विशेषज्ञों ने उसे मंकीपॉक्स होने से इनकार किया है। हालांकि, ऐहतियातन उसका नमूना लेकर केजीएमयू भेजा है। डिप्टी सीएमओ डॉ. मिलिंद वर्धन ने बताया कि बच्चे की हालत में सुधार है। बारिश व गंदे पानी की वजह से ऐसे दाने पड़ जाते हैं। निजी लैब से हुई जांच में भी इसकी तस्दीक हुई है। चिकनपॉक्स व अन्य संक्रामक बीमारी की भी जांच कराई जा रही है।
चेचक से मिलते-जुलते लक्षण वाला रोग है मंकीपॉक्स
देश में मंकीपॉक्स के नए मामले मिलने के बाद लखनऊ में भी लोग सतर्क हैं। विशेषज्ञों के अनुसार दोनों में कोई संबंध न होेने के बावजूद चेचक जैसे लक्षणों वाला यह रोग कम गंभीर होता है। केजीएमयू के रेस्परेटरी मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉ. सूर्यकांत ने बताया कि मंकीपॉक्स का प्रमुख लक्षण शरीर पर चकत्ते या बड़े दाने निकलना है। इसके साथ ही लिम्फ नोड में सूजन या दर्द, बुखार और सिरदर्द जैसे लक्षण होते हैं। एक से दूसरे मनुष्य में इसका संक्रमण लंबे समय तक रोगी के निकट संपर्क में रहने, रोगी के घावों की मरहम-पट्टी के सीधे संपर्क में आने या संक्रमित के कपड़ों या बिस्तर से फैल सकता है। संक्रमित क्षेत्र के जानवरों जैसे बंदर, गिलहरी, चूहे आदि के काटने या खरोंच से भी यह रोग होता है।
विज्ञापन

ये सावधानी बरतें
- बुखार, सिर व बदन दर्द के साथ शरीर पर चकत्ते या दाने दिखाई दें तो मरीज को अलग कमरे में आइसोलेट करें।
- अलग बाथरूम का उपयोग करें या हर उपयोग के बाद उसे अच्छी तरह से साफ करें।
- मरीज के बर्तन, चादर आदि को छूने के बाद हाथ को साबुन से धुलें।
- वेंटिलेशन के लिए खिड़कियां खुली रखें।
- दूसरों से उचित शारीरिक दूरी बनाकर रखें।
- शरीर के दाने या घाव को कपड़े या पट्टियों से ढकें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें