सीतापुर। हापुड़ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज किए जाने से जिले के वकीलों में आक्रोश है। जिले व तहसील मुख्यालयों में अधिवक्ताओं ने पुलिस के इस कृत्य के विरोध में प्रदर्शन किया। हापुड़ के डीएम व एसपी को निलंबित करने समेत विभिन्न मांगें वकीलों ने उठाई।
बार एसोसिएशन सीतापुर की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम अनुज सिंह को सौंपा गया। जिसमें हापुड़ के जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को निलंबित किए जाने, अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज के दोषी पुलिस कर्मियों पर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराते हुए चार्जशीट लगाकर न्यायिक प्रक्रिया शुरू करने और दोषी पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की मांग की गई है।
लाठीचार्ज में घायल प्रत्येक अधिवक्ता को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने, लंबे समय से चल रही अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम (एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट) तुरंत लागू करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। वकीलों ने चेतावनी दी है, कि उपरोक्त मांगें अविलंब पूरी न की गईं तो अगली रणनीति तय कर प्रदेश व्यापी आंदोलन किया जाएगा। इसी क्रम में महमूदाबाद लायर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद वर्मा की अगुवाई में वकीलों ने एसडीएम शिखा शुक्ला को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
लहरपुर तहसील परिसर में आक्रोशित अधिवक्ताओं ने हापुड़ कांड के विरोध में जमकर नारेबाजी की। वकील जब ज्ञापन देने पहुंचे तो एसडीएम अथवा कोई अन्य तहसील अधिकारी मौजूद नहीं मिला। इस पर वकीलों ने तहसील गेट के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। लगभग पांच घंटे तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद एसडीएम अनिल कुमार पहुंचे। वकीलों ने उन्हें अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।