लखनऊ। मलिहाबाद तहसील के रहिमाबाद क्षेत्र स्थित ग्राम गहदों के ग्रामीणों ने गांव में संचालित देशी शराब की दुकान को हटाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने डीएम समेत कई अधिकारियों को भेजे प्रार्थना पत्र में कहा है कि दुकान घनी आबादी और धार्मिक स्थल के पास है। इससे महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को परेशानी होती है। उनका आरोप है कि दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने दुकान को आबादी से दूर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। ज्ञापन पर ग्राम निवासी नितीश शर्मा, सीमा शर्मा, आशीष रस्तोगी, शिवम सोनी, किशोरी लाल आदि के हस्ताक्षर हैं।