लखनऊ। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ ने जिलाधिकारी विशाख जी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार को पत्र लिखा है। पत्र के अनुसार, राजधानी का तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया है। बच्चों को स्कूल आने जाने में परेशानी हो रही है। ऐसे में विद्यालयों का समय बदला जाना चाहिए। शिक्षण संघ के अध्यक्ष सुधांशु मोहन ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। कक्षों में भीषण उमस रहती है। इससे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ना स्वाभाविक है। विद्यालयों का संचालन सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक हो रहा है। विद्यालय बंद होने के समय गर्मी चरम पर होती है। राज्य आपदा प्रबंधन लखनऊ के निर्देश पर शाहजहांपुर, प्रयागराज सहित अनेक जिलों में विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया जा चुका है। अपील है कि मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लखनऊ के विद्यालयों का समय सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक किया जाए।