लखनऊ। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में पत्रकारों के लिए पेंशन योजना और प्रभावी सुरक्षा कानून लागू करने की मांग उठी। रविवार को दारुलशफा स्थित विधायक निवास-2 के कॉमन हाल में हुई बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर मंथन हुआ। अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह, महासचिव आनंद लाल कर्ण ने जिलों, तहसीलों और ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। बैठक में मान्यता प्राप्त और गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए 60 वर्ष की आयु के बाद पेंशन योजना, पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने और उन पर हमले या उत्पीड़न के मामलों में कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। दिवंगत और वृद्ध पत्रकारों के आश्रितों के लिए आर्थिक सहायता की व्यवस्था करने की भी मांग उठी। एनयूजे के राष्ट्रीय महामंत्री त्रिवेणी नारायण तिवारी, एनयूजेआई के पूर्व अध्यक्ष अशोक मलिक आदि ने संगठन के संस्थापक महामंत्री राधेश्याम लाल कर्ण को श्रद्धांजलि दी। पत्रकार प्रसून शुक्ला ने सांसदों को मिलने वाली पेंशन का उदाहरण दिया। जेडीयू (एस) के प्रदेश अध्यक्ष ओंकार सिंह सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद थे।