फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामनगरी में बनेगा दीपोत्सव का नया रिकॉर्ड, दो गुना से अधिक लंबी हुई राम की पैड़ी

Sat, 26 Sep 2020 02:36 AM IST
पंकज श्रीवास्‍तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अयोध्या
विज्ञापन
1 of 6
दीपोत्सव (फाइल फोटो) - फोटो : amar ujala
दीपोत्सव में इस बार नया विश्व रिकॉर्ड बन सकता है। प्रशासन भी राम की पैड़ी को दो गुना से अधिक विस्तार करके मुख्य कार्यक्रम स्थल रामकथा पार्क से चरण सिंह घाट तक जगमग करने की तैयारी में है। पिछले सालों के मुकाबले इस बार नगर निगम ने शासन से दीपोत्सव बजट भी दो गुना अधिक मांगा है। भूमि पूजन के बाद अब दीपोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। राममंदिर का फैसला आने के बाद होने वाले इस दीपोत्सव को लेकर रामनगरी के साधु-संतों सहित हर वर्ग में दोगुना उत्साह है।

वनवास के बाद भगवान राम के अयोध्या आगमन की खुशी में यहां त्रेतायुग जैसी दिवाली मनाने की परंपरा की शुरुआत योगी आदित्यनाथ ने 2017 में शुरू की थी। तब से दीप जलाने का हर साल नया रिकॉर्ड बनाता आ रहा है। इस बार राममंदिर का फैसला और 30 सितंबर को बाबरी ध्वंस का फैसला आने के बाद त्योेहार की रौनक खास होने वाली है। हालांकि कोरोना संक्रमण की वजह से आने वाली भीड़ को लेकर दीपोत्सव का स्वरूप कैसा होगा? यह अभी तय नहीं है। मगर, अयोध्यावासी भारी उत्साह में हैं। दूसरी तरफ प्रशासन ने भी तैयारी शुरू कर दी है।

दीपोत्सव से पूर्व रामनगरी को व्यवस्थित और सुंदर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों से प्रस्ताव मांगा है। नगर निगम ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है। देश-विदेश के मेहमान और पर्यटकों के शामिल होने को लेकर इस बार कोरोना महामारी का असर जरूर दिखेगा, लेकिन स्थानीय भीड़ को रोकना मुश्किल होगा। इसका नजारा भूमिपूजन की खुशी में 3, 4 व 5 अगस्त को अयोध्या में मनाई गई दिवाली से साफ हो गया है। माना जा रहा है कि दीपोत्सव को लेकर सरकार नई गाइड लाइन जारी कर सकती है। 
विज्ञापन

2 of 6
दीपोत्सव (फाइल फोटो) - फोटो : amar ujala
करोड़ों की घोषणा के संग होगा केंद्र व राज्य सरकार का जमावड़ा
दीपोत्सव में इस बार अयोध्या को करोड़ों की विकास योजनाएं मिल सकती हैं। हर साल मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ सैकड़ों करोड़ की विकास योजनाओं की नींव रखते आ रहे हैं। इस बार हाईवे पर तैयार आधुनिक बस अड्डे समेत कई बड़े प्रोजेक्टों का लोकार्पण तय है। साथ ही संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कैबिनेट के साथ यहां आ सकते हैं। श्रीराम की विश्व की सबसे ऊंची 251 मीटर प्रतिमा का भूमिपूजन कर शिलान्यास हो सकता है। हजारों करोड़ की सड़क, कॉरिडोर, रिंग रोड, पुल समेत जन सुविधाएं और जल परिवहन से लेकर हवाई जहाज चलाने के एलान हो सकते हैं। भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई में प्रशासन जुटा है। 
विज्ञापन

3 of 6
दीपोत्सव (फाइल फोटो) - फोटो : amar ujala
कब कितने दीप जले
दीपोत्सव-2017 में 1 लाख 65 हजार दीप जले
दीपोत्सव-2018 में 3 लाख 150 दीप जले
दीपोत्सव-2019 में 5 लाख 51 हजार दीप जले

4 of 6
दीपोत्सव (फाइल फोटो) - फोटो : amar ujala
नगर निगम ने तैयार किया पांच करोड़ का प्रस्ताव
दीपोत्सव को लेकर प्रशासनिक तैयारी भी शुरू हो गई है। नगर निगम ने दीपोत्सव की तैयारी को लेकर पांच करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया है। यह प्रस्ताव जिला प्रशासन के माध्यम से पर्यटन निदेशालय को भेजा जाएगा। महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने बताया कि दीपोत्सव भव्यता पूर्वक मनाया जाएगा। इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है। जिले के प्रभारी व पर्यटन मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी हर तैयारी का जायजा अभी से ले रहे हैं। नगर निगम के प्रस्ताव में रामनगरी के 12 मार्गों की मरम्मत, चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण शामिल है। राम की पैड़ी, रामकथा पार्क, मणिरामदास की छावनी, भजन संध्या स्थल के आसपास के क्षेत्र को भव्यता प्रदान करने की योजना बन रही है। कोरोना को देखते हुए दीपोत्सव को लेकर क्या नई गाइड लाइन आती है, अभी इसका इंतजार किया जा रहा है।
विज्ञापन

5 of 6
कमलनयन दास व रामदास - फोटो : amar ujala
भव्यता से मनाएंगे उत्सव : कमलनयन दास
मणिरामदास की छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास कहते हैं कि इस वर्ष दीपोत्सव को भव्यता पूर्वक मनाया जाएगा। देश भले ही कोरोना संक्रमण से जूझ रहा हो, बावजूद इसके हम कोरोना की गाइडलाइन का पालन करते हुए इस वर्ष दीपोत्सव को नया स्वरूप प्रदान करेंगे। रामनगरी का संत समाज राममंदिर निर्माण शुरू होने को लेकर उत्साहित है।

जगमगाएंगे मठ-मंदिर और आश्रम : रामदास
नाका हनुमानगढ़ी के महंत रामदास ने कहा कि दीपोत्सव से अयोध्या के पर्यटन विकास की संभावनाएं भी प्रशस्त हुईं हैं। इस बार तो दीपोत्सव का उल्लास दोगुना नहीं बल्कि चौगुना है। इसकी वजह है कि अयोध्या में बहुप्रतीक्षित दिव्य-भव्य राममंदिर का निर्माण शुरू हो चुका है। लोग उत्साहित है। दीपोत्सव में पूरी रामनगरी को रोशन किया जाएगा, संत समाज ने तैयारी शुरू कर दी है।

 
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
गिरीशपति व भरतदास - फोटो : amar ujala
दीपोत्सव ने दिलाई नई पहचान : गिरीशपति
तिवारी मंदिर के महंत गिरीशपति त्रिपाठी कहते हैं कि दीपोत्सव ने अयोध्या को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। इस बार दीपोत्सव को लोकोत्सव के रूप में मनाएंगे। राममंदिर का निर्माण अब शुरू हो चुका है, अयोध्या उत्साहित है, कोरोना के चलते लोग अभी तक अपना उत्साह भी ठीक तरह से नहीं प्रकट कर पाए हैं, दीपोत्सव ही उसका माध्यम होगा। 

दिखेगी मंदिर बनने की खुशी: भरतदास 
उदासीन आश्रम रानोपाली के महंत डॉ.भरत दास ने कहा कि भगवान राम के लंका विजय कर अयोध्या लौटने के ही खुशी में नहीं बल्कि राममंदिर निर्माण शुरू होने की भी खुशी इस वर्ष दीपोत्सव में दिखेगी। हमें उम्मीद है कि कोरोना की गाइडलाइन का पालन करते हुए इस वर्ष प्रशासन के निर्देेशन में अलौकिक दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। हम तैयार हैं।

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें