बॉलीवुड अदाकारा दीपिका पादुकोण पांच जनवरी को लखनऊ के गोमती नगर में स्थित कैफे 'शीरोज' में एसिड अटैक सर्वाइवर्स के साथ अपना 34वां जन्मदिन मनाएंगी। वह रविवार को दोपहर 3 बजे शीरोज कैफे पहुंचेंगी। एसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी अग्रवाल के जीवन पर बनी दीपिका की फिल्म 'छपाक' 10 जनवरी को रिलीज होने वाली है।
एसिड अटैक पीड़िताओं की मदद के लिए साल 2016 में लखनऊ में शीरोज कैफै की शुरुआत हुई थी। फिलहाल यहां 12 एसिड सर्वाइवर काम कर रही हैं। 'हीरो' की तर्ज पर बने इस 'शीरोज' कैफे को राष्ट्रपति से भी अवार्ड मिल चुका है।
एसिड अटैक पीड़िता लक्ष्मी हैं फाउंडेशन की डायरेक्टर
शीरोज कैफै का संचालन छांव फाउंडेशन के द्वारा किया जा रहा है। संस्था के संचालक आशीष शुक्ला ने अपने साथी आलोक के साथ मिलकर इसकी शुरुआत 2003 में की थी। इस फाउंडेशन की डायरेक्टर भी एक एसिड अटैक पीड़िता लक्ष्मी हैं।
आलोक बताते हैं, यहां पर जो भी एसिड अटैक पीड़िता आती हैं वो अपनी मर्जी से काम करती हैं। आज यहां न जाने कितने लोग हैं? जो एक परिवार की तरह रहते हैं। यह कैफे आगरा के बाद लखनऊ और अब उदयपुर में शुरू किया गया है। तीनों जगह से अभी तक करीब 100 एसिड सर्वाइवर को मदद की जा चुकी है। दो की शादी यहीं से हुई है, जो अपना परिवारिक जीवन जी रही हैं।