उपचुनाव वाले आठ जिलों को अब 24 घंटे बिजली मिलेगी। इन जिलों को अगले आदेशों तक कटौतीमुक्त आपूर्ति के आदेश जारी कर दिए गए हैं। सरकार के निर्देश पर पावर कार्पोरेशन ने इन जिलों को कटौतीमुक्त आपूर्ति का फैसला किया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
प्रदेश में विधानसभा की आठ रिक्त सीटों के उपचुनाव जल्द होने हैं। माना जा रहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव के साथ ही इन सीटों के उपचुनाव का भी एलान किया जा सकता है। प्रदेश में 2022 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ये उपचुनाव काफी अहम माने जा रहे हैं इसलिए भाजपा के साथ-साथ सरकार भी इन सीटों को लेकर खासी गंभीर है।
उपचुनाव के मद्देनजर जिन आठ सीटों के उपचुनाव होने हैं उन जिलों में अगले आदेशों तक कटौतीमुक्त बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं। सरकार के निर्देश के बाद स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (एसएलडीसी) के मुख्य अभियंता ने मोदीनगर, मुरादाबाद, पनकी व सारनाथ स्थित क्षेत्रीय लोड डिस्पैच सेंटर (आरएलडीसी) को बुलंदशहर, फिरोजाबाद, अमरोहा, रामपुर, उन्नाव, कानपुर नगर, देवरिया व जौनपुर में कटौतीमुक्त बिजली आपूर्ति के आदेश जारी किए हैं।
आरएलडीसी को भेजे गए निर्देश में कहा गया है कि इन जिलों को अगले आदेशों तक रोजाना 24 घंटे कटौतीमुक्त बिजली आपूर्ति की अनुमति दी गई है। गौरतलब है कि प्रदेश में कानपुर नगर की घाटमपुर, अमरोहा की नौगांवा सादात, जौनपुर की मल्हनी, फिरोजाबाद की टूंडला, उन्नाव की बांगरमऊ, रामपुर की स्वार, बुलंदशहर सदर और देवरिया सदर सीटों पर उपचुनाव होने हैं। चुनाव आयोग की तरफ से भी इन सीटों पर उपचुनाव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जल्द ही आयोग की ओर से उपचुनाव की तारीखों का एलान होने की संभावना है। इसी के मद्देनजर 24 घंटे बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है ताकि उपचुनाव में बिजली मुद्दा न बन सके।