सरोजनीनगर। बंथरा के हुलासखेड़ा गांव में शनिवार दोपहर एक 60 वर्षीय रामप्यारी की घर पर ही संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
परिजनों का दावा है कि छत से नीचे उतरते वक्त वृद्धा सीढि़यों से गिरकर घायल हो गईं थीं, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं, ग्रामीणों ने उसके बेटे पर ही हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को सूचना दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।
गांव निवासी पृथ्वी पाल परिवार के साथ रहते हैं। दोपहर करीब एक बजे वह अपनी पत्नी रामप्यारी को बेजान हालत में अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजा। पूछताछ में परिजनाें ने बताया कि रामप्यारी छत पर गई थीं। जब वह उतर रही थीं तब फिसल गईं।
उनको काफी चोट आ गई थी। तुरंत उनको लेकर एक के बाद एक दो अस्पताल ले गए। लेकिन, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
वहीं कुछ ग्रामीणों ने बताया कि रामप्यारी के बेटे शत्रुघन ने शराब के लिए पैसे मांगे थे। न देने पर विवाद किया और उनके सिर पर डंडा मार दिया। उनकी मौत हो गई।
एडीसीपी साउथ शशांक सिंह ने बताया कि परिजन गिरकर मौत की बात बता रहे हैं, लेकिन हत्या के आरोप की भी बात सामने आई है। रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मौत की वजह जो आएगी, उसी आधार पर कार्रवाई होगी।