लखनऊ। वे लखनऊ के नहीं थे, लेकिन एक गहरा रिश्ता था इस शहर से उनका। तभी तो वाजिद अली शाह से आगा हसन अमानत लखनवी तक को अपने शब्दों में उन्होंने खूब जीया। भारतीय जननाट्य संघ इप्टा के राष्ट्रीय अध्यक्ष 93 वर्षीय रणबीर सिंह के मंगलवार को निधन पर अवध के रंगकर्मियों ने शोक जताया।
लखनऊ में इप्टा के महासचिव राकेश वेदा ने उनके निधन की सूचना देते हुए कहा कि जितना मैं उन्हें जानता हूं, समझता हूं, उनके लिए बहुमुखी प्रतिभा शब्द भी छोटा है। अभिनय, निर्देशन, लेखन और इतिहास, सभी के ज्ञाता थे। अमानत लखनवी की इंद्रसभा का जितना बेहतरीन विश्लेषण रंगकर्म के संदर्भ में उन्होंने किया है, शायद ही कोई कर पाए। नवाब वाजिद अली शाह के सांस्कृतिक योगदान से लोगों को परिचित कराने वाले भी वही थे। राजघराने से ताल्लुक के बावजूद वे जमीन से जुड़े रहे। इप्टा के पुनर्गठन की प्रक्रिया में वे सक्रिय रहे। 2005 में लखनऊ में राष्ट्रीय सम्मेलन में आए थे। मीना कुमारी, अशोक कुमार से लेकर बीआर चोपड़ा तक के साथ काम किया। राकेश वेदा के अनुसार, वे ऐसी शख्सियत थे कि जिस विषय पर काम किया उसमें डूब गए और गहन अध्ययन के बाद ही कुछ लिखा। बीते दिनों जब उनकी पारसी थियेटर किताब आई तो उसे पूरा करने के लिए उन्होंने न जाने कितने लोगों को ढूंढ-ढूंढ कर निकाला, और उनके इंटरव्यू का संकलन तैयार किया।