लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार इलाके में रहने वाले 9वीं के छात्र प्रखर श्रीवास्तव (16) का शव रविवार की सुबह रेलवे लाइन के किनारे पड़ा मिला। वह शनिवार की शाम घर से टहलने की बात कहकर निकला था। परिजनों का कहना है कि किशोर की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। गोमतीनगर विस्तार के अवधखंड इलाके में प्राइवेट कंपनीकर्मी पवन श्रीवास्तव परिवार संग रहते हैं। उनके मुताबिक, इकलौता बेटा प्रखर श्रीवास्तव प्राइवेट स्कूल में 9वीं का छात्र था। शनिवार रात घर से टहलने की बात कहकर निकला था।
इसके बाद वह लापता हो गया था। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाशना शुरु किया, पर कुछ पता नहीं चल सका। रविवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि खरगापुर रेलवे लाइन के पास प्रखर का शव पड़ा है। वे लोग मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। परिजनों का कहना है कि प्रखर की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है।