लखनऊ। डेढ़ महीने तक चक्कर लगवाने के बाद बाइक चोरी का केस दर्ज करने के मामले में मड़ियांव थाने का दरोगा शिव सिंह व हेड कांस्टेबल मिथलेश सोमवार को लाइन हाजिर किया गया।
डीसीपी ने एसीपी अलीगंज की जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की। हालांकि निलंबन के बजाए मामूली कार्रवाई कर दोनों को बचाया गया। मालूम हो कि गायत्री नगर नौबस्ता निवासी दिनेश कुमार प्राइमरी स्कूल में शिक्षक हैं।
27 मार्च को घर के बाहर से उनकी बाइक चोरी हो गई थी। करीब डेढ़ महीने तक नौबस्ता पुलिस चौकी के चक्कर लगाते रहे थे, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी।
आखिर में उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही तब 8 मई को मड़ियांव पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। इसकी खबर प्रकाशित होने के बाद डीसीपी नॉर्थ ने एसीपी अलीगंज को जांच दी थी। डीसीपी एसएम कासिम आब्दी ने बताया कि विभागीय जांच पूरी होने के बाद दंडित किया जाएगा।