बिजली के खंभे से तार खींचने से मना करने पर कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कल्यानपुर गांव में एक पक्ष ने दलित परिवार पर लाठी-डंडे और असलहे से हमला कर दिया। फायरिंग से दयाराम घायल हो गया जबकि पत्नी लखपती की लाठी-डंडे की पिटाई से मौत हो गई। सूचना मिलने पर एसपी, एसडीएम व सीओ मौके पर पहुंचे और गांव का दौरा किया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस व पीएसी तैनात की गई है।
कल्यानपुर गांव के अखंड प्रताप सिंह का दलित बस्ती के पास ही खेत है। मंगलवार को जीव व बाइक से करीब 15 लोग वहां पहुंचे और दलित बस्ती के पास लगे बिजली के खंभे से तार खींचने लगे। दयाराम ने विरोध किया तो उस पर फायर कर दिया। गोली उसके हाथ में लगी। पति को बचाने दौड़ी लखपती (52) को लाठी-डंडे से जमकर पीटा।
हमले में रामदेव, नरेंद्र, सीता और अच्छेलाल घायल हो गए। ग्रामीण सभी को अस्पताल ले गए, जहां लखपती को मृत घोषित कर दिया गया। तार खींचने को लेकर सोमवार को भी विवाद हुए था। गांव के आशीष कुमार ने अखंड पक्ष के शिव मंगल सिंह, उदयभान सिंह, गुड्डू सिंह और शिवम सिंह के खिलाफ पीटने के आरोप में केस दर्ज कराया था।