साइबर ठगी की रिपोर्ट दर्ज। (फोटो ः प्रतीकात्मक)
- फोटो : ??? ?????
साइबर ठगों ने तीन लोगों के खातों से 3.58 लाख रुपये उड़ा लिए। किसी को एयरटेल कस्टमर केयरकर्मी व हॉस्पिटल कर्मी बनकर फंसाया तो किसी को वॉलमार्ट कंपनी का कर्मचारी बनकर चूना लगाया।
कृष्णानगर के विजयनगर निवासी विनोद मेहरा का बचत खाता एचडीएफसी बैंक व एसबीआई में है। बताया कि सात नवंबर को 99 रुपये का एयरटेल रिचार्ज किया था।
एसबीआई खाते से रुपये कटे थे, लेकिन मोबाइल रिचार्ज नहीं हुआ था। इसकी शिकायत उन्होंने एयरटेल कस्टमर स्टोर आलमबाग में जाकर व मेल से की थी।
23 दिसंबर की शाम अंजान नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को एयरटेल कस्टमर केयर एक्जीक्यूटिव बताया कि 99 रुपये ऑनलाइन खाते में वापसी की बात कहकर एप डाउनलोड करवाया। इसके बाद दोनों खातों से 35,199 रुपये पार कर दिए।
गोमतीनगर के विराटखंड-2 निवासी विवेक विक्रम सिंह ने बताया कि बहन अदिति का बचत खाता एक्सिस बैंक में है।
कुछ समय पहले जालसाज ने वॉलमार्ट कंपनी का कर्मचारी बनकर सामान खरीदने व बेचने का झांसा दिया। बातों में फंसाकर कई खातों में 17 दिन में 2.80 लाख रुपये जमा करा लिए।
विनयखंड-1 निवासी रीतू दुबे का बचत खाता यूनियन बैंक पत्रकारपुरम शाखा में है। उन्होंने बताया कि दो अंजान नंबर से कॉल आई। कॉलर ने हॉस्पिटल में दिखाने का झांसा देकर एक लिंक भेजा। इसमें सारी डिटेल भरते ही खाते से 42,700 रुपये निकल गए।