- वजीरगंज, इंदिरानगर, आशियाना और चिनहट थाने में केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। साइबर जालसाजों ने पांच लोगों के खाते में सेंध लगाते हुए 2.61 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ितों ने वजीरगंज, इंदिरानगर, आशियाना और चिनहट थाने में केस दर्ज कराया है।
वजीरगंज के कुंडरी रकाबगंज निवासी सुनैना दीक्षित ने कुछ दिन पहले पेन ड्राइव ऑर्डर की थी। 18 मार्च को जालसाजों ने कोरियर कंपनीकर्मी बनकर कॉल की और लिंक भेजकर पांच रुपये का ट्रांजेक्शन करने के लिए कहा। ट्रांजेक्शन करते ही खाते से 52 हजार रुपये कट गए। वहीं, इंदिरानगर के पंतनगर खुर्रमनगर निवासी हुमा फारुखी के पास ब्लू डार्ट कंपनीकर्मी बन जालसाजों ने फोन किया और डिलीवरी के बहाने से एप डाउनलोड कराते हुए खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए। इसके अलावा आशियाना सि्थत रजनीखंड के कौशलेंद्र कुमार शुक्ला से 41510 की ठगी हो गई। बताया कि बिजली बिल अपडेट न होने के चलते कनेक्शन कटने का मैसेज आया। इसके बाद एक अनजान नंबर से कॉल आई और ठग ने खुद को बिजली विभागकर्मी बताते हुए एप डाउनलोड कराया। इसके बाद खाते से रुपये निकाल लिए।
आशियाना के एलडीए कॉलोनी में महेश प्रसाद वर्मा रहते हैं। वह स्मारक समिति से पंप ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी नगर निगम की तरफ से बीएलओ ड्यूटी लगी थी। कुछ दिन पहले अनजान नंबर से कॉल आई। फोनकरने वाले ने खुद को नगर निगम कर्मचारी बताते हुए मानदेय के नाम पर खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी हासिल कर 54,969 रुपये निकाल लिए। इसके अलावा चिनहट के श्याम विहार कॉलोनी के अभिनव प्रताप सिंह अस्पताल के ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर जालसाजों ने खाते से 13200 रुपये ठग लिए।