लखनऊ। संसद की सुरक्षा भेदकर सदन में कलर स्प्रे छोड़ने वाले सागर शर्मा के घर से दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक कटर बरामद किया है। इसी कटर से सागर ने जूते को भीतर से काटकर स्प्रे रखने की जगह बनाई थी। सोमवार दोपहर तक छानबीन करने के बाद स्पेशल सेल की टीम दिल्ली लौट गई। कटर के अलावा सागर की डायरी, शैक्षणिक प्रमाणपत्र समेत अन्य दस्तावेज टीम कब्जे में लेकर गई है।
स्पेशल सेल की सात सदस्यीय टीम रविवार शाम शहर आई थी। सागर के परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही सडाना फुटवियर के मालिक से पूछताछ की गई थी। जिनके फुटवियर शोरूम से सागर ने दो जोड़ी जूते खरीदे थे। इन्हीं जूते में कलर स्प्रे रखकर वह और उसका साथी मनोरंजन डी सदन में घुसे थे। पुलिस ने शोरूम के डीवीआर कब्जे में लिए थे।
परिजनों के मुताबिक पुलिस ने जब सागर से वीडियो कॉल पर उसकी बहन की बात कराई थी तो उसने बताया था कि जिस कटर से जूते भीतर काटे थे वह एक मेज की दराज में रखा है। इस पर पुलिस टीम ने नटराज कंपनी का कटर बरामद कर लिया। इसी तरह के कई और अहम सुबूत स्पेशल सेल ने जुटाए हैं।
स्पेशल सेल की टीम ने सागर के परिजनों से लंबी पूछताछ की। सभी के बयानों की वीडियोग्राफी भी की। सागर के घर के अलावा जहां-जहां टीम गई और जो भी दस्तावेज जब्त किए, जिन लोगों से पूछताछ की, हर एक चीज की वीडियोग्राफी की गई। टीम ने सागर के पिता रोशनलाल, मां रानी के आधार कार्ड की फोटो भी ली। वहां से लिए गए दस्तावेजों की फर्द तैयार की। जिस पर रोशनलाल से हस्ताक्षर कराए।
सागर के चार से पांच बैंक खातों की जानकारी जांच एजेंसियों को हुई थी। सूत्रों के मुताबिक सोमवार को स्पेशल सेल की टीम इन बैंकों में भी गई। सागर के बैंक खातों का स्टेटमेंट भी लिया। एजेंसी देखेगी कि ट्रांजेक्शन कहां और किसको हुए। टीम ने सबसे अधिक देर तक सागर के पिता से पूछताछ की थी।
सागर की बहन माही ने कहा कि वीडियो कॉल पर जब उन्होंने भाई को देखा तो वह रोने लगी थीं। मगर सागर को कोई फर्क नहीं पड़ा। वह बस यही कह रहा था कि रोना बंद करो, सब कुछ ठीक है। माही के मुताबिक सागर का चेहरा देखकर बिल्कुल भी नहीं लग रहा था कि वह परेशानी में है या कोई दिक्कत है।
स्पेशल सेल को सागर की बहन माही ने बताया कि मनोरंजन के बारे में उन्हें इतनी ही जानकारी थी कि वह भाई का दोस्त है। दोनों की दोस्ती फेसबुक के जरिये हुई थी। जिस दिन वह दिल्ली गया, उसी दिन जूते खरीदे थे। सागर ने दूसरे जोड़ी जूते दोस्त के लिए खरीदे थे। इसके बाद वह चला गया था।