सुशान्त गोल्फ सिटी थाना में विशेष सचिव चिकत्सा शिक्षा ने अपने पूर्व पति के खिलाफ धमकी देने, पीछा करने और परिवार को क्षति पहुंचने की कोशिश का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों की 20 जून 2013 में शादी हुई थी। उनकी एक बेटी भी है। पारिवारिक विवादों के चलते दोनों में जुलाई 2017 में तलाक हो चुका है। प्रभारी निरीक्षक सुशांत गोल्फ सिटी देवेंद्र विक्रम सिंह के मुताबिक तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। बेटी को कस्टडी में लेकर दोनों का विवाद चल रहा है।
विशेष सचिव चिकत्सा शिक्षा सुभ्रा सक्सेना ने शिकायत की है कि उनकी जून 2013 में विभूतिखंड निवासी शशांक गुप्ता से शादी हुई थी। शादी के बाद से ही मेरे पति मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक रूप से प्रताड़ित और परेशान करने लगे। जिसके कारण शशांक से कोर्ट के माध्यम से 13 जुलाई 2017 को सहमति तलाक हो चुका है।
उनका आरोप है कि तलाक के बाद से ही शशांक एक मानसिक रोगी की तरह मुझे और मेरी बेटी को धमकाने, डराने, परेशान करने व पीछा करने लगा। बार-बार मिलने की कोशिश कर रहा है। 17 नवंबर 2021 के बाद से शशांक गुप्ता का रवैया बहुत की खराब हो गया है। वह खुलेआम और बेधड़क मेरा पीछा कर रहा है, धमका रहा है। जो मेरे जीवन के साथ-साथ मेरे बेटी के जीवन को भी खतरे में डाल रहा है।
उसने स्वयं यह खुलासा किया है कि वह मेरी हर गतिविधि पर नजर रखता है। वह वाट्स एप मैसेज भी कर रहा है कि वह कुछ भी कर सकता है। गनर और सशस्त्र कर्मियों को भेजकर मुझे बार-बार डराने और धमकाने की कोशिश कर रहा है।
वकील के चैंबर में दी धमकी, सीसीटीवी में हुई कैद
आईएएस का आरोप है कि 15 नवंबर 2021 को शशांक गुप्ता ने उच्च न्यायालय के समक्ष हो रही सुनवाई के वक्त अधिवक्ता संजय भसीन के चैंबर्स में आकर धमकी दी। जो सीसीटीवी में भी रिकॉर्ड है। उसने कहा कि उसकी चंबल की पृष्ठभूमि है और वह मुझे परेशान करने से कभी नहीं रुकेगा और मुझे कभी अकेला नहीं छोड़ेगा।
बेटी के मना करने के बाद भी करता है उससे बात
पीड़ित आईएएस का आरोप है कि शशांक गुप्ता बेटी को नियमित रूप से फोन पर बात करने के लिए मजबूर करने की कोशिश करता है। बेटी के मना करने पर धमकाता है जिससे बेटी डरी हुई है। विरोध पर शशांक, उसका वकील समीर अग्रवाल और दो-तीन अन्य हम लोगों को परेशान कर रहे हैं।