अलीगंज क्षेत्र में शनिवार रात किराएदार ने चोरी की नीयत से मकान में ही रहने वाले दूसरे किराएदार के कमरे का ताला तोड़ा।
सामान बटोर ही रहा था कि बुजुर्ग दंपती की नींद टूट गई और उन्होंने एक को दबोच लिया। शोर सुनकर जुटे आसपास के लोगों ने धुनाई के बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
अलीगंज के पांडेय टोला निवासी महेश के मकान में एक दवा कंपनी में एमआर रवि प्रकाश परिवार के साथ रहता है।
रवि के बाहर जाने चलते घर में उसके पिता प्रमोद प्रकाश सिंह और मां देवमती सिंह थीं। इस बीच मकान में ही किराए पर रहने वाला मुकेश अपने चचेरे भाई विजय के साथ ताला तोड़कर उसके कमरे में घुस गया।
दोनों सामान बटोर ही रहे थे कि खटपट की आवाज से छत पर सो रहे प्रमोद व देवमती की नींद खुल गई। दोनों बगल के कमरे में पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था।
बुजुर्ग दंपती ने किसी तरह कमरा खुलवाया तो अंदर घुसे चोर उन्हें धक्का देकर भागने लगे। दंपती ने हिम्मत दिखाते हुए विजय को दबोच लिया और शोर मचाने लगे।
इस बीच आसपास के लोग भी पहुंच गए और पुलिस बुलाकर आरोपी उसके हवाले कर दिया। एसओ अलीगंज तौफीक खान का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।