ताबड़तोड़ वारदात अंजाम दे रहे बदमाशों ने शुक्रवार रात मड़ियांव व इटौंजा इलाके में सात दुकानों के शटर और ताले तोड़कर लाखों का माल व नगदी चोरी कर ली। इनमें एक ज्वैलरी, दो मोबाइल व एक साड़ियों की दुकान है। आक्रोशित व्यापारियों ने प्रदर्शन किया और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के मुताबिक, मड़ियांव के फैजुल्लागंज में चोरों ने जुड़वां मंदिर के पास राधिका मार्केट में प्रवीण शुक्ला की मोबाइल शॉप का शटर तोड़कर मोबाइल सेट, लीड व अन्य उपकरण, पेनड्राइव और विभिन्न कंपनियों के रिचार्ज कूपन चोरी कर लिए।
इसके अलावा अनिल वर्मा के विद्यावती साड़ी सेंटर और सत्येंद्र राजपूत की फुटवियर व गारमेंट्स शॉप का शटर तोड़कर साड़ियां, कपड़े व अन्य कीमती सामान चोरी किया। तीनों व्यापारी शनिवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर टूटे मिले। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ पुलिस को सूचना दी। व्यापार मंडल के पदाधिकारी व इलाके के व्यापारी एकत्र हो गए। पुलिस गश्त में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।
मौके पर पहुंची पुलिस
मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर मड़ियांव ने बदमाशों को पकड़ने के हरसंभव प्रयास व इलाके में गश्त बढ़ाने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। इटौंजा के कस्बा कुम्हरावां में शुक्रवार रात चोरों ने विजय शंकर सोनी की ज्वैलरी शॉप का शटर तोड़कर 50 हजार से अधिक के गहने व पांच हजार रुपये चुरा लिए। उन्होंने पुलिस को फोन किया। पता चला कि चोरों ने थोड़ी दूर स्थित अरुण मिश्र की चूनी-चोकर व मोबाइल की दुकानों का ताला तोड़कर 15 हजार रुपये, पांच हजार के रिचार्ज कूपन, कई मोबाइल सेट व अन्य सामान चोरी कर लिया।
इसके अलावा कस्बे में ही मनोज मिश्रा की परचून की दुकान का ताला तोड़कर ढाई हजार रुपये व किराने का सामान ले गए। चोरी से आक्रोशित व्यापारी एकत्र हो रहे थे कि पता चला कि चोरों ने किसान रूपचंद्र यादव के घर व सोनू सिंह के ऑफिस का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया था। सूचना पर महिगवां चौकी के दो सिपाहियों ने मौका मुआयना किया। इसके बाद चौकी इंचार्ज जायजा लेकर लौट गए। आक्रोशित व्यापारियों ने कुम्हरावां बाजार बंद करके चौराहे पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू किया।
हालात बिगड़ते देख पुलिस हरकत में आई। सीओ बीकेटी जेके सिंह इटौंजा व बीकेटी की पुलिस लेकर मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने बदमाशों को जल्द पकड़ने, गश्त बढ़ाने व कुम्हरावां चौराहे पर पुलिस बूथ बनाने की मांग की। सीओ ने आश्वासन देकर प्रदर्शन खत्म कराया। इस बीच चोरी की रिपोर्ट दर्ज करके पड़ताल शुरू की गई।