बीकेटी के गांव नौवाखेड़ा में बेटे ने चेकबुक चुराकर पिता के
खाते से पांच हजार रुपये निकाल लिए।
युवक दूसरे दिन शनिवार को फिर रुपये
निकाले पहुंचा। शक होने पर मैनेजर ने खाताधारक को सूचना दी तो पूरा मामला
सामने आ गया। पिता की शिकायत पर पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर
रही है।
बीकेटी के गांव नौवाखेड़ा निवासी
अमर सिंह यादव का बैंक ऑफ बड़ौदा में खाता है। पुलिस को दी तहरीर में अमर
ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे ने पासबुक व चेकबुक चुराई और फर्जी साइन
बनाकर शुक्रवार को खाते से पांच हजार रुपये निकाल लिए।
अनूप शनिवार को फिर
खाते से 17 हजार रुपये निकालने पहुंचा था। शक होने पर मैनेजर ने बहाने से
उसे रोके रखा और फोन कर अमर को पूरी जानकारी दी। बैंक पहुंचने पर पूरे
मामले का खुलासा हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले आई। पिता
की तहरीर पर बेटे को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है।