सचिवालय के बापू भवन में प्रमुख सचिव पंचायतीराज के ऑफिस से जुड़े एक
वरिष्ठ लिपिक की मंगलवार शाम संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
कुछ लोगों ने
पुलिस को नौवें तल से कूदकर खुदकुशी की सूचना दी थी। लेकिन पुलिस तेज
रफ्तार गाड़ी की टक्कर से मौत होने का दावा कर रही है।
इसके लिए वह
सीसीटीवी फुटेज का हवाला दे रही है जिसमें कार के गुजरने के बाद क्लर्क
जख्मी हालत में दिख रहा है।इंस्पेक्टर
हुसैनगंज रामप्रदीप यादव ने बताया कि बापू भवन सचिवालय परिसर स्थित
डिस्पेंसरी के चैनल के सामने खून
से लथपथ शव पड़े होने की सूचना मिली थी।
कुछ लोग 9वें तल से कूदकर खुदकुशी की बात कह रहे थे, जबकि कुछ कर्मचारियों
ने वाहन के टक्कर मारने की जानकारी दी।
जेब से मिले परिचयपत्र से शव की
शिनाख्त रायबरेली के तिलेंडा बछरावां निवासी गिरजाशंकर वर्मा (40) के रूप
में हुई। पंचायतीराज निदेशालय में वरिष्ठ लिपिक गिरजा शंकर कुछ समय से
बापू भवन सचिवालय में प्रमुख सचिव पंचायतीराज के ऑफिस से संबद्ध था।
इंस्पेक्टर
यादव के मुताबिक 9वें तल तक पड़ताल की गई लेकिन ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला
जिससे कूदने की पुष्टि हो।
बहरहाल सीओ हजरतगंज दिनेश यादव ने मौका मुआयना करने के बाद
सचिवालय के सुरक्षा अधिकारी से तीन कैमरों की फुटेज मुहैया कराने को कहा।