ठाकुरगंज के रेलवे कॉलोनी जनरैलगंज में बुधवार शाम बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अनूप बाजपेयी के घर आधा दर्जन डकैतों ने धावा बोल दिया।
मुंह पर रूमाल बांधे बदमाशों ने डॉ. बाजपेयी के माता-पिता पर तमंचा तान आलमारी की चाबियां लीं। इत्मीनान से आधे घंटे तक घर को खंगाला और 30 से 35 लाख रुपये के जेवर-नकदी समेट फरार हो गए।
डकैती की सूचना पर आला अफसरों के साथ ही डॉग स्क्वॉयड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने मौके पर छानबीन की। हालांकि उन्हें कोई सुराग नहीं मिल सका।
एसओ ठाकुरगंज समर बहादुर सिंह ने बताया कि वारदात में किसी परिचित का हाथ हो सकता है। डॉक्टर के स्टाफ, नौकरों और पुराने ड्राइवरों के अलावा तीन संदिग्ध बदमाशों से पूछताछ की जा रही है।
डॉ. बाजपेयी शाम साढ़े छह से नौ बजे तक घासमंडी स्थित क्लीनिक पर रहते हैं। बुधवार शाम करीब सात बजे डॉक्टर की पत्नी प्रीति दोनों बेटियों के साथ खरीदारी करने चली गईं।