राजाजीपुरम में बीमा निगम के ऑफिस के पास दो बाइक पर सवार पांच बदमाश रविवार रात कार से जा रहे सराफा व्यवसायी पर हमला कर बैग लूट ले गए।
बैग में लाइसेंसी रिवॉल्वर, चेकबुक व चाभियां थीं। सरेराह हुई वारदात से इलाके में दहशत है।
राजाजीपुरम के ई-ब्लॉक निवासी सराफा व्यवसायी महावीर प्रसाद वर्मा कार से बी-ब्लॉक में एक होम्योपैथिक डॉक्टर से दवा लेने निकले थे।
रास्ते में भारतीय बीमा निगम के ऑफिस के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर कार रुकवाई और तमंचे के बट से ड्राइविंग सीट की तरफ का शीशा तोड़ दिया।
इस बीच एक अन्य बाइक पर सवार तीन बदमाश दूसरी साइड पर रुके और उधर का भी शीशा तोड़ दिया।
पहले आए बदमाशों में से एक ने महावीर पर तमंचा ताना, जबकि दूसरी तरफ खड़े बदमाशों ने सीट पर रखा बैग उठा लिया। इस बीच बदमाशों ने बाइक की पिछली नंबर प्लेट पर कागज चिपकाया और फरार हो गए।
सरेराह लूट का शिकार बने महावीर ने बदमाशों के जाने के बाद 100 नंबर डायल कर पुलिस कंट्रोल रूम को वारदात की सूचना दी।
मौके पर पहुंचे एसओ तालकटोरा विनोद मिश्रा मारपीट का मामला बताते हुए तहकीकात करने लगे। वहीं सराफा व्यवसायी से लूट की सूचना मिलते ही एसपी सिटी पश्चिम अजय मिश्रा व सीओ बाजार खाला राजकुमार भी पहुंच गए।
दोनों अधिकारियों को महावीर ने बताया कि बाजार खाला के ऐशबाग रामनगर में उनकी प्रभुदयाल एंड संस नामक ज्वेलरी शॉप है। महावीर का कहना है कि घर में नगदी रखने के बाद दवा लेने निकले थे। आशंका है कि बैग में मोटी रकम की उम्मीद में बदमाशों ने वारदात अंजाम दी है।