सत्या पार्ट टू की किलर इंस्टिंक्ट...औरंगजेब जैसा कॉरपोरेट क्रिमिनल...और इशकजादे जैसी दबंग आशिकी..।
अंडरवर्ल्ड पर बनी इन चर्चित फिल्मों का शहर के कुछ युवाओं पर ऐसा असर हुआ कि उन्होंने अपना गैंग बना लिया। मोहल्ले के झगड़ों से अस्तित्व में आए इस गैंग ने चंद महीनों में ही ट्रांस-गोमती में पैर पसार लिए हैं।
लूटपाट, बमबाजी, रंगदारी के अलावा गैंग विवादित प्रॉपर्टियों में हाथ डालकर पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। ट्रांस-गोमती क्षेत्र में फल-फूल रहा नया गैंग रिटायर्ड सीओ के बेटे बाबू सिंह का है।
पढ़ें- देसी मोबाइल पर ब्रांडेड स्टीकर लगा बेचते थे मोबाइल, धरे गए
खुद एसपी ट्रांस गोमती हबीबुल हसन का मानना है कि विकासनगर में प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में तोड़फोड़ और बमबाजी से चर्चा में आए बाबू सिंह का नाम हाल ही में नाज पैलेस में हुए गोलीकांड में भी आया है।
यह भी खबर है कि लोहिया पथ पर स्टंट बाइकिंग करने वाले लड़के भी गैंग से जुड़े हैं। दो दिन पूर्व स्टंट बाइकिंग करते हुए एक छात्र ने जान गंवा दी थी।
गैंग से जुड़े लड़कों को तलाश कर बात की गई। जो पता चला वह बिल्कुल फिल्मी लगा। लड़कों ने बताया कि बाबू रंगबाज किस्म का है। पिता पुलिस में रह चुके हैं, इसलिए वर्दी देखकर भी दबता नहीं है।
बियर की पार्टियां, नाइट क्लबों की रंगीनियां और लड़कियों पर रुपये लुटाना उसका शौक है। यही वजह है कि इलाके के ज्यादातर कॉलेज स्टूडेंट उसकी लाइफ स्टाइल से प्रभावित होकर साथ रहते हैं।
पढ़ें- पत्नी और बेटों ने उतारा सिपाही को मौत के घाट
कई लड़कों को संरक्षण की जरूरत होती है जो बाबू से मिलता है। नाज पैलेस में फायरिंग करने वाला उत्कर्ष भी ऐसे ही लड़कों में एक है। लड़कों ने बताया कि उत्कर्ष उर्फ मोंटू दीक्षित ने अय्याशी के लिए ही नाज पैलेस में कमरा बुक कराया था।
यहां जानकीपुरम निवासी मंगल और रोहित के साथ नशे में धुत होकर हुल्लड़ कर रहा था तभी झगड़ा शुरू हो गया। कमरे में दो लड़कियां भी थीं। लड़कों ने बताया कि बाबू कुछ देर पहले ही अपने साथियों के साथ वहां से निकला था।
इसके बाद हुई फायरिंग में मंगल के हाथ में भी छर्रे लगे थे। फिलहाल मंगल के मध्य प्रदेश में होने की जानकारी मिल रही है।
लड़कों का कहना है कि चार माह पूर्व उसने मोहल्ले की एक लड़की को प्रभावित करने के लिए फिल्मी अंदाज में पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। मामला थाने भी पहुंचा, लेकिन दोनों पक्षों ने सुलह कर ली थी।
लखनऊ की और खबरों के लिए क्लिक करें...