लखनऊ के गोमतीनगर के मिठाईवाला चौराहे पर शनिवार दोपहर कार सवार तीन बदमाशों ने एक विज्ञान कंपनी के एग्जीक्यूटिव रितेश अवस्थी (38) को दौड़ाकर तीन फायर किए। दोनों के बीच कार के बोनट पर हाथ रखने को लेकर विवाद हुआ था। दो गोलियां रितेश को लगीं जबकि एक पास ही पान की गुमटी लगाने वाले अशोक के कान के पास से गुजर गई।
दिनदहाड़े हत्या की सूचना पर एसएसपी राजेश कुमार पांडेय, एएसपी उत्तरी विजय ढुल, सीओ गोमतीनगर सत्यसेन यादव सहित अन्य अधिकारियों ने मौका-मुआयना किया।
एएसपी उत्तरी ने बताया कि इंदिरानगर डी ब्लॉक निवासी रितेश ओरिजिन एड कंपनी में ऑपरेशन एग्जीक्यूटिव था। वह दोपहर करीब साढ़े तीन बजे साथी कर्मचारी अश्वनी संग होर्डिंग्स व फ्लैक्स बोर्ड की फोटो खींचने आया था।
इस दौरान उसने पास ही खड़ी सफेद रंग की स्विफ्ट कार के बोनट पर हाथ रख दिया। इसके चलते कार मालिक और उसके दो साथी भड़क गए और गालीगलौज करने लगे। रितेश ने भी गालीगलौज की तो एक बदमाश ने नाइन एमएम की पिस्टल निकालकर उसे दौड़ा लिया। रितेश जान बचाने के लिए भागा।
तीनों बदमाशों ने भीड़भरी सड़क पर उसे दौड़ाते हुए ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलाईं। दो गोलियां रितेश को लगीं। उसे मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्यारे ने छात्र पर पिस्टल तानी, बाइक लूटकर भागा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रितेश को पिस्टल लेकर दौड़ाते हुए बदमाश कुछ दूर चला गया था। इस बीच उसके साथी कार में बैठकर गोमतीनगर थाने की तरफ भागे।
अकेले पड़े बदमाश की नजर हांडा शाइन बाइक (यूपी 32 डीएक्स 7748) रोककर खड़े इंदिरानगर निवासी बीकॉम छात्र यशवेंद्र सिंह पर पड़ी। पिस्टल लेकर बदमाश यशवेंद्र की तरफ बढ़ा तो वह भागने लगा। बदमाश ने बाइक पकड़कर यशवेंद्र की कनपटी पर तमंचा लगा दिया और बाइक लेकर कार के पीछे चला गया। उपनिरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि यशवेंद्र फैजाबाद रोड स्थित एक कॉलेज से बीकॉम फर्स्ट ईयर का छात्र है और कोचिंग पढ़ने विवेकखंड जा रहा था।