मड़ियांव क्षेत्र में चुन्नी शाह बाबा के उर्स में बुधवार रात
एक युवक ने मासूम का अपहरण कर लिया।
बच्चे को खिलाने के बहाने मौसी की गोद
से लेकर भागे युवक का कुछ पता न लगने पर परिवारीजनों ने उसके घर पर हंगामा
किया।
इस पर युवक उन्हें पिकनिक स्पॉट जंगल में ले गया। वहां चम्मच व पानी
की बोतल थमाकर चंपत हो गया।
मड़ियांव की
रामराम बैंक चौकी इंचार्ज इश्तियाक वारसी ने बताया कि मोहल्ला पलटन छावनी
में झोपड़ पट्टी में रहने वाले रहमत अली के एक वर्षीय बेटे अजहर को लेकर
उसकी मौसी जीनत बुधवार रात चुन्नी शाह बाबा के उर्स में गई थी।
वहां
ताड़ीखाना निवासी शरीफ ने मासूम अजहर को खिलाने के बहाने जीनत की गोद से
लिया और जीनत को झूले पर बैठा दिया। जीनत का ध्यान हटते ही बच्चे को लेकर
भाग निकला।
जीनत ने शोर मचाया। कुछ पता न चलने पर उसने घर लौटकर जानकारी
दी। रहमत अली ने बृहस्पतिवार को शरीफ के घर जाकर उलाहना दिया।
उसके
परिवारीजनों को साथ लेकर शरीफ व अपने बच्चे की तलाश करता रहा। उसे शुक्रवार
सुबह शरीफ के घर मौजूद होने की भनक लगी। परिवारीजनों के साथ पहुंचकर
हंगामा किया।
शरीफ ने उन्हें बच्चे के पिकनिक स्पॉट जंगल में होने की
जानकारी दी और साथ ले गया। जंगल में एक स्थान से पानी की बोतल और चम्मच
उठाकर रहमत अली को थमाया और खुद चकमा देकर भाग निकला।
रहमत
अली ने मड़ियांव थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने मासूम की हत्या का
संदेह जताया है।
पुलिस की एक टीम ने पिकनिक स्पॉट जंगल में जाकर छानबीन की
और शरीफ के परिवारीजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बलि चढ़ाने का अंदेशारहमत
अली व उसके परिवारीजनों ने बच्चे की बलि चढ़ाने का संदेह जताते हुए पुलिस
को बताया कि आरोपी शरीफ तंत्रमंत्र करता है। इसको लेकर पुलिस चौकी में रहमत
अली व शरीफ के परिवारीजनों के बीच तीखी झड़प हुई।