पारा के रघुनंदन विहार इलाके में जिंदगी से हताश युवक ने रस्सी के सहारे पंखे से लटककर जान दे दी।
दो दिन पहले युवक पत्नी को बच्चे के साथ मायके छोड़कर आया था। पड़ोसी की सूचना पर पहुंची पत्नी ने पुलिस को फोन किया।
कमरे से मिले सुसाइड नोट में युवक ने मां-बाप की मौत के बाद अकेले होने के अहसास की बात लिखी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दिल्ली के भीमबस्ती निवासी बाल किशन की शादी काकोरी की सुनीता से हुई थी।
पत्नी सुनीता दो वर्ष के बेटे के साथ पारा के रघुनंदन विहार में रहती थी। जबकि बालकिशन दिल्ली में ही रहकर पत्थर का काम करता था और बीच-बीच में घर आता रहता था।
मंगलवार को बालकिशन पत्नी और बेटे को अपनी ससुराल छोड़ आया था। इसके बाद से घर में अकेले था।
बृहस्पतिवार सुबह दूधवाला घर पहुंचा। आवाज देने पर भी किसी के न आने पर दरवाजे को धक्का दिया तो वह खुल गया।
अंदर बाल किशन को फंदे पर लटका देख आसपास के लोगों को बुलाया। पड़ोसियों ने उसके ससुरालवालों को सूचित किया।
कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें लिखा है ‘मैंने अपना बचपन बहुत गरीबी में काटा है।
मां-बाप की मौत के बाद खुद को तन्हा महसूस कर रहा हूं। मां को बहुत प्यार करता था, उनके बिना मेरा मन नहीं लगता, उनसे मिलने जा रहा हूं।’
इसके साथ पत्नी और बच्चे से बहुत प्यार करने और पत्नी से बच्चे का ध्यान रखने की बात लिखी है।
मौत के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराते हुए पोस्टमार्टम न कराने को कहा।