वीवीआईपी और सबसे सुरक्षित माने जाने वाले राजभवन और सीएम आवास के पास भी बदमाश वारदातों को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं।
मंगलवार दोपहर बाइक सवार दो बदमाशों ने राजभवन के पास स्थित एक्सिस बैंक से निकलते ही एक निजी कंपनी के मुंशी योगेंद्र सिंह से 18.80 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया और सीएम आवास की तरफ भाग निकले।
सीओ हजरतगंज अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि हजरतगंज कोतवाली में एफआईआर दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
नई दिल्ली की मैरून इंजीनियरिंग एंड कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डालीबाग स्थित ऑफिस में मुंशी योगेंद्र दोपहर करीब पौने तीन बजे बैंक में कंपनी का चेक कैश कराने गए।
झपट्टा मारकर बैग पर छीन लिया
ड्राइवर अजय कुमार दीक्षित बैंक के बाहर कार खड़ी करके भीतर बैठ गया। बैंक से जैसे ही योगेंद्र निकले, लाल रंग की बाइक से आए बदमाशों ने झपट्टा मारकर बैग पर छीन लिया। शोर मचाने पर कुछ लोग बदमाशों के पीछे सीएम आवास तक गए लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका।
योगेंद्र ने पुलिस को बताया कि बाइक चला रहा बदमाश हेलमेट लगाए था जबकि पीछे बैठे बदमाश का रंग साफ था। पुलिस उन्हें कुछ बदमाशों की फोटो दिखाकर लुटेरों की पहचान कराने की कोशिश कर रही है। लुटेरों का स्केच भी बनवाया जा रहा है।
बैंक स्टॉफ की भूमिका संदिग्ध, खंगाल रहे कॉल डिटेल
वारदात में पुलिस बैंक के स्टॉफ की भूमिका भी संदिग्ध मान रही है। दरअसल योगेंद्र सुबह चेक लेकर कैश कराने पहुंचे थे, लेकिन सर्वर खराब होने के कारण लौट गए।
बैंक से फोन आने के बाद बैंक पहुंचे और कैश कराकर बाहर निकलते ही यह वारदात हो गई। पुलिस का मानना है कि बैंककर्मियों को रकम का पता था। आशंका है कि उन्हीं में से किसी ने बदमाशों को खबर दी होगी।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे संदिग्ध
देर रात सीसीटीवी फुटेज की छानबीन में पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखा है। पुलिस की टीमें संदिग्ध की तलाश में लगा दी गई हैं। एएसपी क्राइम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कैश काउंटर के पास जब योगेंद्र बैग में रुपये रख रहा थे, पास खड़ा एक युवक उनकी तरफ देख रहा था।
नोटों की दो गड्डी बैग में डालने तक युवक चला गया। एएसपी क्राइम का दावा है कि वारदात उसी युवक ने अपने साथी से मिलकर की है। योगेंद्र बुजुर्ग होने के चलते बदमाशों के लिए सॉफ्ट टारगेट थे।
उन्हें बैग में रकम भरते देख उक्त युवक बैंक के बाहर निकला और अपने साथी को जानकारी दी। इसके बाद जैसे ही योगेंद्र बैंक से बाहर निकले, बदमाशों ने बैग छीन लिया। एएसपी ने बताया कि बदमाश सीएम आवास की तरफ इसलिए भागे क्योंकि राजभवन की तरफ जाने पर उन्हें सड़क पार कर उल्टी दिशा में जाना पड़ता।
इसके अलावा बैंक के पास ही सड़क पर खुदाई होने के कारण आधा रास्ता बंद था, जिसके चलते बदमाश उधर नहीं गए। एएसपी क्राइम ने कहा कि जल्द बदमाशों को पकड़कर वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। हालांकि, योगेंद्र ने सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे बदमाश की पहचान को लेकर संशय जताया है।