ट्रांसगोमती क्षेत्र में ताबड़तोड़ चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाला एक गिरोह शनिवार शाम पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरोह के तीन सदस्यों के साथ ही पुलिस ने लाखों रुपये की कीमत के जेवर-नकदी, घरेलू सामान और कई कारें भी बरामद की हैं।
इस गिरोह के सदस्य कारों से घूमकर वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस का कहना है कि रविवार को इस गिरोह का अधिकारिक खुलासा किया जाएगा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरोह में पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों में रहने वाले तीन युवकों और एक अधेड़ का नाम सामने आया है। शनिवार देर रात तक पुलिस तीन लोगों को अपनी गिरफ्त में ले चुकी थी।
गिरोह के कुछ और सदस्यों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग इलाकों में दबिश दे रही थीं। गिरोह के सदस्य रेकी करने और वारदात को अंजाम देने के लिए कार से चलते थे ताकि पुलिस और पब्लिक के लोगों को उन पर कोई शक न हो।
एक अधिकारी ने बताया कि चोरों का यह गैंग करीब डेढ़ साल से ट्रांसगोमती क्षेत्र में सक्रिय है। अधिकारी के मुताबिक इस गैंग ने गोमतीनगर, विभूतिखंड, महानगर, मड़ियांव, गुडंबा थाना क्षेत्र में सौ से अधिक वारदातें की हैं।