पारा क्षेत्र की एक युवती पर संपन्न घरों के युवकों को फंसाकर रकम ऐंठने का आरोप लगा है। इस युवती ने पहले इन युवकों के साथ प्रेम प्रसंग का नाटक किया और बाद में अपहरण व दुष्कर्म के मामले में जेल भिजवाने की धमकी देकर बड़ी रकम ऐंठ ली।
यही नहीं कुछ युवकों से शादी भी की मुंह मांगी रकम न मिलने पर जेल भी भिजवा दिया। एक पीड़ित युवक की पत्नी ने शुक्रवार को एसएसपी के यहां इस युवती की शिकायत की।
मामले की जांच महिला थाने की इंस्पेक्टर को सौंपी गई है। तालकटोरा थाने के सरीपुरा आलमनगर की पूनम साहू पत्नी श्रवण कुमार साहू ने पारा थाना क्षेत्र की युवती द्वारा संपन्न घरों के पुरुषों को ब्लैकमेल करने की शुक्रवार सुबह एसएसपी ऑफिस में शिकायत की।
पूनम ने बताया कि युवती ने वर्ष 2007 में काकोरी के चौधरीखेड़ा निवासी राजीव लोधी से नजदीकी बनाई। उसे प्रेमजाल में फंसाकर रकम ऐंठी। जेब खाली होने पर अपने परिवारीजनों की मदद से 9 जून 07 को काकोरी थाने में उसके खिलाफ अपहरण व दुष्कर्म का मामला दर्ज करा दिया।
शादी करके करती रही जेब खाली
पुलिस का शिकंजा कसने पर राजीव ने घुटने टेक दिए और मोटी रकम खर्च करके समझौता करके पत्नी की तरह साथ रहने लगी। एक संतान को जन्म देने के साथ राजीव की जेब खाली करती रही।
इसके बाद उसने सरीपुरा निवासी व्यापारी श्रवण साहू से दोस्ती बनाई। उसे प्रेमजाल में फंसाकर रकम ऐंठनी शुरू की। लाखों रुपये लुटाने के बाद श्रवण ने हाथ खींचा तो धमकाने लगी और 25 मई 2013 को श्रवण व उसके दोस्त अमित श्रीवास्तव पर अपहरण, धमकी, दुष्कर्म, अश्लील क्लिप बनाने व गर्भपात का आरोप लगाते हुए महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
डॉक्टरी मुआयना व कागजी खानापूरी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जमानत के बाद युवती ने श्रवण से फिर फोन पर संपर्क बनाया और शादी करके समझौते की पेशकश की।
जाल में फंसे श्रवण ने सजा के डर से शादी की। युवती ने उसकी संपत्ति व व्यवसाय पर मालिकाना हक जताने के साथ काफी पैसा बटोरा और नाता तोड़कर फिर मायके चली गई। अब एक अन्य युवक से दोस्ती बनाई है।
अपने ही बुने जाल में फंसी युवती
पुरुषों को ब्लैकमेल करने वाली युवती की शिकायत के साथ पूनम ने तमाम दस्तावेज पुलिस को सौंपे हैं। युवती ने 22 मई 13 को महिला थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में श्रवण व उसके दोस्त अमित पर 28 अक्तूबर 2012 को अगवा कर दुष्कर्म करने व अश्लील क्लिप बनाकर छह महीने यौन शोषण का आरोप लगाया था।
जबकि राजीव से तलाक के लिए कोर्ट में दी अर्जी में उसने श्रवण से वर्ष 2011 से प्रेम प्रसंग, 27 अगस्त 2013 को शादी और दो माह की गर्भवती बताया। पूनम का कहना है कि युवती ने प्रेम प्रसंग के साल भर बाद श्रवण के खिलाफ रिपोर्ट लगाई।
दूसरी शादी करने के बाद पहले पति से तलाक का मुकदमा किया जो कानूनन गलत है। व्यापारी श्रवण कुमार को समझौते के नाम पर शादी के लिए राजी करने के साथ युवती ने राजीव लोधी से तलाक के लिए पारिवारिक न्यायालय में मुकदमा दायर किया।
साल भर बाद भी नहीं हुआ बच्चे का जन्म
इसमें उसने राजीव से 12 जुलाई 07 को शादी और तीन साल बाद मतभेद का जिक्र करते हुए कहा कि 26 सितंबर 11 से वह मायके में रह रही है। वर्ष 2011 में श्रवण कुमार साहू से प्रेम प्रसंग शुरू हुआ।
इस पर 21 फरवरी 2013 को तलाक की अर्जी दी थी जो पैरवी न कर पाने में खारिज हो गई। इस पर उसने 3 फरवरी 2014 को दोबारा मुकदमा दायर किया है।
खास बात यह है कि तलाक की दूसरी अर्जी में उसने श्रवण के साथ रहने पर खुद को दो माह की गर्भवती बताया लेकिन साल भर बाद भी बच्चे का जन्म नहीं हुआ है।
मामले की संजीदगी से जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। कानून से खिलवाड़ का किसी को अधिकार नहीं है।