चिनहट में बीए की छात्रा से गैंगरेप और वीडियो क्लिप बनाकर गांव में बांटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्रा का कहना है कि नौकरी दिलाने का झांसा दे सहेली का भाई व एक अन्य युवक उसे साथ ले गए और रेप करके मोबाइल फोन से वीडियो क्लिप बना ली।
शिकायत करने पर वीडियो सार्वजनिक कर बदनाम करने की धमकी दी। बीते शनिवार को बदमाशों ने छात्रा पर अपनी छोटी बहन को साथ लेकर आने का दबाव बनाया तो उसने परिवारीजनों से शिकायत की। मंगलवार शाम छात्रा के परिवारीजन डीआईजी आरके चतुर्वेदी से मिले जिसके बाद कार्रवाई शुरू हुई।
छात्रा राजधानी के एक डिग्री कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रही है। उसके पिता सब्जी का ठेला लगाते हैं। छात्रा का कहना है कि बीती 15 जून को तिवारीगंज के तारा का पुरवा निवासी उसकी सहेली का भाई कौशल यादव व उसका दोस्त लवकुश मौर्या उर्फ बाबा उसे अपने साथ काले रंग की सफारी कार से उसे ले गए थे।
बीच जंगल में गाड़ी रोककर किया दुष्कर्म
दोनों ने रिंग रोड स्थित एक अस्पताल में उसकी नौकरी लगवाने की बात कही थी। छात्रा का आरोप है कि बाबा मंदिर के पास जंगली इलाके में कार रोककर उसे जंगल में ले गया जहां दोनों ने उससे दुराचार किया।
उसने बताया कि कौशल ने दुराचार की वीडियो क्लिप बना ली और शिकायत करने पर उसे सार्वजनिक करने की धमकी दी। छात्रा का कहना है कि बदनामी के डर से वह खामोश रही। छात्रा का कहना है कि शनिवार दोपहर वह घर के बाहर खड़ी थी तभी कौशल और लवकुश वहां आ गए।
दोनों ने उसे अपनी छोटी बहन को साथ लेकर आने को कहा। छात्रा ने मना किया तो दोनों ने रेप की वीडियो क्लिपिंग गांव के लोगों में बांटने की धमकी दी। इसके बाद सहमी छात्रा ने मां को पूरी घटना बताई। रेप और वीडियो क्लिप बनाने का पता चलते ही परिवारीजनों के होश उड़ गए।
व्हाट्सएप पर फैलाई रेप की वीडियो क्लिप
हालांकि, दबंगों और बदनामी के डर से छात्रा के माता-पिता भी दो दिन तक खामोश रहे लेकिन इसी बीच गांव के युवकों के मोबाइल फोन पर व्हाट्सएप के जरिए रेप की वीडियो क्लिपिंग पहुंच गई। इसके बाद छात्रा के परिवारीजनों ने ग्राम प्रधान संदीप सिंह से संपर्क किया।
मंगलवार को ग्राम प्रधान को साथ लेकर संदीप डीआईजी के ऑफिस पहुंचे और उनसे कार्रवाई की मांग की। डीआईजी ने एक दरोगा और सिपाही को पीड़ित परिवार के साथ चिनहट कोतवाली भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
छात्रा गांव के ही दो युवकों पर बीती 15 जून को रेप और वीडियो क्लिपिंग बनाने का आरोप लगा रही है। उसकी शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।
रामनरेश यादव, एसओ चिनहट