पीजीआई क्षेत्र में शहीद पथ पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी।
खड़े ट्रक के इंजन को दुरुस्त कर रहा युवक जोरदार टक्कर से नीचे गिर पड़ा। ट्रक के पहिये के नीचे आने से उसकी मौत हो गई।
हादसे का जिम्मेदार चालक ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही ट्रक कब्जे में ले लिया है।
गोसाईंगंज के गंगागंज निवासी राजू (35) क्षेत्र के ही एक ईंट-भट्टे में काम करता था।
पीजीआई क्षेत्र में साउथसिटी के पास इंजन गर्म होने पर रामफल ने ट्रक रोक दिया। राजू इंजन के रेडिएटर में बाल्टी से पानी डालने लगा।
इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में टक्कर मार दी।
जोरदार टक्कर से राजू नीचे गिर पड़ा और उसके संभलने से पहले ही ट्रक का पहिया उसके सीने पर चढ़ गया।
आसपास के लोग उसे निकालते इससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाले ट्रक का चालक मौके से भाग निकला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के साथ ही ट्रक को कब्जे में ले लिया है।