शादी का झांसा देकर एक दबंग युवक ने पड़ोसी युवती को अपने जाल में फंसाया। युवती ने जब शादी का दबाव बनाया तो अपने घर में बंधक बना उससे दुष्कर्म किया। उसकी करतूत उजागर करने की चेतावनी देने पर युवक ने युवती को बेरहमी से पीटा और भगा दिया।
युवक की करतूत की शिकायत करने युवती जब दोबारा उसके घर पहुंची तो युवक के मां, पिता और बहन ने युवती की पिटाई की। इसके बाद युवती जब इंदिरानगर थाने में शिकायत करने गई तो दबंग ठेकेदार का नाम सुनकर पुलिसकर्मियों ने उसे भगा दिया।
बदहवास हालत में वह शनिवार को महिला थाने पहुंची और एसओ को आपबीती सुनाते-सुनाते बेहोश हो गई। एसएसपी समेत पुलिस के सभी आला अधिकारियों को इसकी सूचना देने के साथ युवती को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस बीच दबंग के घर दबिश दी गई। वहां दबंग तो फरार हो गया लेकिन उसके परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस तरह वारदात को अंजाम दिया
पुलिस के मुताबिक, इंदिरानगर निवासी राहुल वर्मा ठेकेदार है और रसूखदार लोगों में उसका उठना बैठना है। करीब एक साल पहले मोहल्ले की एक युवती को उसने शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया।
इसके बाद राहुल उसका यौन शोषण करने लगा। दो दिन पहले युवती उससे मिलने उसके घर गई हुई थी। वहां उसने राहुल से तुरंत शादी करने की जिद पकड़ ली। इस पर राहुल ने उसे अपने आलीशान मकान के ऊपरी हिस्से में बने कमरे में बंधक बना लिया और उससे दुष्कर्म किया।
उसके चंगुल से छूटते ही जब युवती ने उसका भांडा फोड़ने की बात कही तो राहुल आग बबूला हो गया। उसने कमरे में ही युवती को बेरहमी से पीटा और भगा दिया।
युवती कुछ देर बाद फिर उसके घर पहुंची और राहुल की हरकत के बारे उसके परिवार वालों को बताया। इस पर राहुल के पिता-मां और बहन ने उल्टा युवती को ही दोषी ठहरा दिया और पीटकर घर से भगा दिया।
दबंगों का नाम सुन डर गए पुलिसकर्मी
इसके बाद युवती ने अपने घर पहुंचकर परिवार वालों को आपबीती सुनाई। इसके बाद परिवारीजन उसे लेकर इंदिरानगर थाने पहुंचे। वहां एसओ ने पीड़ितों की बात सुनी लेकिन जैसे ही दबंग राहुल वर्मा का नाम सामने आया वह उल्टा पीड़ितों पर ही दबाव बनाने में जुट गया। इस पर भी पीड़ितों ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की तो उन्हें थाने से भगा दिया गया।
वहां सुनवाई न होने पर दुष्कर्म की पीड़ित युवती महिला थाने पहुंची और इंस्पेक्टर कनकलता दुबे को आपबीती सुनाई। इंस्पेक्टर ने एसएसपी प्रवीण कुमार को घटना की जानकारी दी। उनके निर्देश पर एसपी पूर्वी व सीओ हजरतगंज व महिला थाने की एसओ की गिरफ्तारी के लिए एक टीम इंदिरानगर भेजी गई।
हालांकि इसकी भी भनक राहुल को लग गई और वह फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में राहुल के पिता-मां और बहन को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया। वहीं, राहुल के खिलाफ महिला थाने में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।