महानगर के सासनी गेट सराय गढ़ी इलाके में दो दिन पहले एक विवाहित को तेजाब पिलाकर मौत के घाट उतारने साथ ही शव का बिना किसी की जानकारी में लाए अंतिम संस्कार किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।
इस मामले में मृतक विवाहिता की मां ने अपने दामाद आदि के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
जलालपुर निवासी राजवती का आरोप है कि उसकी बेटी ने सुनील निवासी डोरी नगर संग चार माह पहले प्रेम विवाह किया था।
इस शादी के बाद सुनील व मालती सरायगढ़ी सासनी गेट में किराये पर रहने लगे थे। जहां सुनील की मां भी साथ रह रही थी।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही सुनील ने दहेज के लिए मालती का उत्पीड़न शुरू कर दिया था। इसकी शिकायत कई बार मालती ने मायके में की।
चूंकि मालती का मायका भी बेहद कमजोर है, इसलिए मांग पूरी न हो सकी। बस इसी बात पर दो दिन पहले तेजाब पिलाकर उसे मार दिया गया।
बाद में शव का भी अंतिम संस्कार कर दिया। जब राजवती को पता चला तो दहेज हत्या की धारा में सुनील आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
एसओ सासनी गेट के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।