महसी बाजार निवासी विवाहिता को ससुराल के लोगों ने 50 हजार रुपये के लिए मंगलवार रात जिंदा जला दिया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता ने दामाद और समधी को नामजद करते हुए केस दर्ज कराया है। दोनों आरोपी फरार हैं।
पिता का कहना है कि दहेज और दामाद को पुलिस की नौकरी दिलाने के नाम पर उससे छह माह पहले ससुरालीजनों ने उससे एक लाख रुपये और अन्य सामान लिए थे। पुलिस ने केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आंटा परसपुर निवासी नूर मोहम्मद ने हरदी थाने पर दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि उसने अपनी बेटी जरीना बानो उर्फ गुड़िया (20) की शादी साल भर पहले हरदी के महसी बाजार निवासी मो. इकराम से की थी।
नूर के कहना है कि विवाह के छह माह बाद इकराम को पुलिस की नौकरी दिलाने के नाम पर उससे एक लाख रुपये की मांग की गई। उसने किसी तरह पैसे का इंतजाम कर मांग पूरी की लेकिन फिर डिमांड बढ़ती रही।