लखनऊ। लविवि के इंजीनियरिंग संकाय के अंतर्गत बीटेक, बीफार्मा, एमसीए फर्स्ट सेमेस्टर व तीसरे सेमेस्टर (लेटरल एंट्री) की खाली सीटों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। मेरिट 11 नवंबर को जारी की जाएगी और 14 को स्पॉट काउंसिलिंग होगी। इनकी कक्षाएं भी 16 नवंबर से शुरू होंगी। वहीं मुख्य मेरिट के प्रवेशित विद्यार्थियों की फिजिकल रिपोर्टिंग भी शुरू कर दी गई है।
विवि प्रशासन के अनुसार, उक्त कोर्सों की खाली सीटों पर प्रवेश के लिए इच्छुक अभ्यर्थी सात नवंबर तक आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अर्ह अभ्यर्थियों की रैंक लिस्ट 11 नवंबर को विवि की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी और 14 नवंबर को सुबह 10 बजे से न्यू कैंपस स्थित इंजीनियरिंग संकाय में स्पॉट काउंसिलिंग की जाएगी। विस्तृत जानकारी, प्रोफार्मा, फीस, डॉक्यूमेंट आदि की सूचना विवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
वहीं उक्त कोर्सों में यूपीकैट की काउंसिलिंग से प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को न्यू कैंपस स्थित इंजीनियरिंग संकाय में डीन कार्यालय में फिजिकल रिपोर्टिंग के लिए उपस्थित होने को क हा है। अभ्यर्थियों को निर्धारित सेमेस्टर शुल्क, कॉशन मनी व इनरोलमेंट शुल्क की डीडी, अलॉटमेंट लेटर, एडमिट कार्ड, आवश्यक दस्तावेज के ओरिजनल व फोटो कॉपी के साथ उपस्थित हों। छात्रावास की सुविधा भी यूपीकैट की मेरिट के अनुसार ही उपलब्ध होगी।