रायबरेली। जगतपुर क्षेत्र में पिछले दिनों कोरोना संक्रमित मिली आशा बहू की दोबारा हुई जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई है। दूसरे संक्रमित व्यक्ति के परिजनों की जांच के लिए मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंपल लिए।
जगतपुर क्षेत्र के मनोहरगंज की आशा बहू मोहिनी और पूरे झाम सिंह मजरे गोकुलपुर रोझइया निवासी भूपेंद्र गत नौ अक्तूबर को हुई जांच में कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। दोबारा कराई गई जांच में आशाबहू की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। उधर दूसरे संक्रमित भूपेंद्र के परिजनों की जांच के लिए स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी संजीव सिंह की टीम मंगलवार को पूरे झाम सिंह गांव पहुंची।
टीम ने भूपेंद्र के माता-पिता और भतीजे का सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए लखनऊ भेजा। परीक्षण में परिवार के सभी लोग स्वस्थ मिले हैं। जगतपुर सीएससी अधीक्षक डॉ. प्रजेश कुमार ने बताया कि आशा बहू की रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। दूसरे कोरोना संक्रमित के परिवार के तीन लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।