फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: एक चमत्कार हो... केकेसी बन जाए विश्वविद्यालय

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। श्री जयनारायण मिश्र पीजी कॉलेज (केकेसी) के संस्थापक दिवस समारोह पर रविवार को मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि वर्ष 1917 में स्थापित यह संस्था किसी भी मामले में विश्वविद्यालय से कम नहीं है। मेरी इच्छा है कि कुछ ऐसा चमत्कार हो कि केकेसी एक दिन विश्वविद्यालय बन जाए। फिर यह महाविद्यालय खुद एक नियामक होगा। इस दौरान उन्होंने मेधावियों को 62 पदक प्रदान किए।
विज्ञापन

उन्होंने पदक विजेताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि कोई भी काम जीवन में छोटा या बड़ा नहीं होता। समय चाहे कैसा भी हो, हमें घबराना नहीं चाहिए। लक्ष्य जल्दी-जल्दी नहीं बदलने चाहिए। जो भी मिले उसे परफेक्शन के साथ करें। इस दौरान महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष वीएन मिश्र ने कहा कि सात से आठ वर्ष पूर्व इसे विवि बनाने की चर्चा चला थी, कुछ शिक्षकों को आपत्ति थी। अगर सब राजी हों तो इसे फिर से शुरू कर सकते हैं। इस मौके पर महाविद्यालय के पूर्व शिक्षकों व शिक्षणेतर कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें सत्य नारायण वाजपेयी, डॉ. सरल अवस्थी, रविंद्रनाथ मिश्र, अजीत श्रीवास्तव आदि शामिल रहे। प्रबंधक जीसी शुक्ला, प्राचार्या डॉ. मीता साह, प्रो. नलिनी रंजन सिंह, डॉ. विजय श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
लखनऊ माॅन्टेसरी की हालत देख होता है दुख
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि लखनऊ माॅन्टेसरी स्कूल को आजादी के पहले दुर्गा भाभी ने बनवाया था। हाल ही में वहां गया और अव्यवस्थाएं देखीं तो कष्ट हुआ। पूर्वज कोई व्यवस्था शुरू करें और कोई एक पीढ़ी उसे गड़बड़ कर दे तो कष्ट होता है।
विज्ञापन

जल्द मिले नैक ए प्लस प्लस का ग्रेड
प्राचार्या मीता साह ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि महाविद्यालय में दस हजार छात्र-छात्राएं हैं। इनमें 40 फीसदी छात्राएं हैं। 169 शिक्षकों वाले इस महाविद्यालय को 2015 में नैक का ए ग्रेड मिल चुका है। अब महाविद्यालय ए प्लस प्लस ग्रेड के लिए प्रयासरत है।
इन्हें मिले पदक
प्राचार्या ने बताया कि स्वाति तिवारी को अध्यक्ष पदक, निधि तिवारी को प्राचार्य पदक, कैडेट शशांक सिंह और वैष्णवी विश्वकर्मा को बेस्ट एनसीसी कैडेट का अवाॅर्ड दिया गया। नीरज कुमार को बेस्ट एनएसएस वालंटियर का अवाॅर्ड, आकाश सोनकर व अनुष्का शर्मा को बेस्ट स्पोर्ट्स पर्सन का अवाॅर्ड और आयुषी मिश्रा को सर्वश्रेष्ठ सांस्कृतिक प्रतिभा का अवाॅर्ड दिया गया। कुल 62 पदकों का वितरण किया गया।
पुस्तक व पत्रिका का किया विमोचन
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने डॉ. प्रीति गुप्ता की किताब प्रैक्टिकल वर्क बुक ऑफ एंथ्रोपोलॉजी के साथ ही महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ज्योति किरण व जर्नल, कॉमर्स टुडे, विचार, लॉ रिव्यू, साइंस रिवीलिएशन और टॉर्च बेयर्र्स कथा का भी विमोचन किया।


मेधावी बोले- नवाचार संग समाज को देंगे दिशा

कैंसर के इलाज में शोध से मदद करेंगी स्वाति
मुझे शिक्षा के साथ अन्य क्रियाकलापों में बेहतर प्रदर्शन के लिए अध्यक्ष पदक से नवाजा गया है। मैंने बीएससी बॉयो में सर्वाधिक अंक अर्जित किए हैं। अब एमएससी रसायन विज्ञान की पढ़ाई कर रही हूं। मैं कैंसर के इलाज की दिशा में शोध करना चाहती हूं।
- स्वाति तिवारी, अध्यक्ष पदक
कराटे स्टार्टअप से देंगे सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग
मुझे खेलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। अब तक 12 राज्यों में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच खेले हैं। बीपीएड के दूसरे वर्ष की पढ़ाई कर रहा हूं। कराटे के साथ पेनकॉक सिलॉट खेल में अच्छा प्रदर्शन किया है। कृष्णानगर में एक कराटे अकादमी में लोगों को सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग देता हूं। भविष्य में खुद की कराटे अकादमी स्थापित करनी है।
- आकाश सोनकर, डॉ. अनिल कुमार त्रिपाठी बाबा स्मृति पदक व सिरजनपति देवी स्मृति पदक
गणतंत्र दिवस परेड में प्रदर्शन के लिए मिला पदक
मुझे नई दिल्ली की गणतंत्र दिवस परेड में एनएसएस की ओर से यूपी से चुना गया। इस परेड का हिस्सा बनने के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी सम्मानित किया है। महाविद्यालय से बीए कर रहा हूं।
- नीरज कुमार , सर्वोत्तम एनएसएस स्वयंसेवक
भौतिक विज्ञान की प्रोफेसर बनने का संकल्प
एमएससी भौतिकशास्त्र में अधिकतम अंक अर्जित किए हैं। मुझे कौशल्या शर्मा स्मृति पदक और प्राचार्य पदक से नवाजा गया है। मेरा लक्ष्य भौतिक विज्ञान की प्रोफेसर बनकर इसी क्षेत्र में इतिहास रचना है।
विज्ञापन

- निधि तिवारी, प्राचार्य पदक व कौशल्या शर्मा स्मृति पदक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें