लखनऊ। लखनऊ। अमीनाबाद और हजरतगंज सहित कई स्थानों पर भूमिगत पार्किंग के ठेकों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नगर निगम पर आरोप लगा है कि उसने नियमों को ताक पर रखकर दो पसंदीदा फर्मों को फायदा पहुंचाने के लिए टेंडर आवंटित कर दिए हैं। इस मामले में विवेक कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर्स ने नगर आयुक्त को शिकायती पत्र दिया है और टेंडर प्रक्रिया को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। ये भी आरोप लगाया है कि टेंडर के लिए कई महत्वपूर्ण दस्तावेज साथ नहीं संलग्न थे, इसके बावजूद निविदा स्वीकृत कर ली गई। शिकायती पत्र में नगर निगम के पार्किंग अनुभाग में कार्यरत एक कर्मचारी (बाबू) की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। वहीं, नगर आयुक्त ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि कोई गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों और फर्मों पर कार्रवाई की जाएगी।